Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली दौरे पर छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल रमेन डेका, राज्यपालों के सम्मेलन में होंगे शामिल

Governor Deka Delhi Tour: छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल रमेन डेका शपथ ग्रहण के बाद नई दिल्ली रवाना हो गए। वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्यपालों के सम्मेलन में शामिल होंगे। यह सम्मेलन 1 से 3 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। बता दें कि रमेन डेका ने राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। छत्तीसगढ़ के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने उन्हें शपथ दिलाई।

यह भी पढ़ें:- आज बस्तर जिले के दौरे पर रहेंगे CM विष्णुदेव साय, महतारी वंदन योजना की 6वीं किश्त करेंगे जारी

राज्यपाल डेका ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। इस अवसर पर प्रथम महिला रानी डेका काकोटी उपस्थित रहीं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, बिलासपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने राज्यपाल डेका को पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिवादन किया और शुभकामनाएं दी। समारोह में मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने रमेन डेका को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी वारंट ऑफ अपॉइंटमेंट पढ़ा।

राज्यपाल रमेन डेका का जीवन परिचय

छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल रमेन डेका का जन्म 1 मार्च 1954 को असम के सुआलकुची, कामरूप में हुआ। उनके पिता का नाम सुरेंद्र नाथ डेका और माता का नाम चंपाबती डेका है। उनके परिवार में पत्नी रानी डेका काकोटी और दो बच्चे हैं। उन्होंने बीए की डिग्री दर्शनशास्त्र और अर्थशास्त्र विषय में प्राग्ज्योतिष कॉलेज, गुवाहाटी विश्वविद्यालय असम से प्राप्त की। डेका एक वरिष्ठ राजनीतिज्ञ हैं। वे 1977 से राजनीति में सक्रिय हैं। वे 1980 में भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य थे। रमेन डेका 2006 में असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। डेका 2021 अगस्त महीने से असम राज्य के नवाचार और रूपान्तरण आयोग के (कैबिनेट मंत्री का दर्जा) के उपाध्यक्ष पद पर 29 जुलाई 2024 तक रहे हैं। (Governor Deka Delhi Tour)

मंगलदोई सीट से चुने गए थे सांसद 

वे दो बार सांसद रहे। पहली बार 2009 में 15वीं लोकसभा के लिए असम के मंगलदोई सीट से सांसद चुने गए थे। इस दौरान वे गृह मामलों की स्थायी समिति के सदस्य, लोक लेखा के सदस्य, भारत भूटान संसदीय मैत्री समूह सदस्य, अधीनस्थ विधान समिति सदस्य, सदन की बैठकों से सदस्यों की अनुपस्थिति पर समिति सदस्य रहे। उसके बाद 2014 में वे 16वीं लोकसभा के लिए दोबारा सांसद निर्वाचित हुए। दूसरे कार्यकाल में वे लोकसभा में अध्यक्षों के पैनल के सदस्य भी रहे। (Governor Deka Delhi Tour)

31 जुलाई को ली छत्तीसगढ़ के राज्यपाल पद की शपथ

इस दौरान सदस्य अनुमान समिति, सदस्य सलाहकार समिति, सदस्य विदेश मंत्रालय और प्रवासी भारतीय मामले, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत केंद्रीय सलाहकार समिति सदस्य, भारत-चीन संसदीय मैत्री समूह सदस्य, चाय बोर्ड के सदस्य का दायित्व निर्वहन किया। दूसरे कार्यकाल में ही सदस्य गृह मामलों की स्थायी समिति, सदस्य सामान्य प्रयोजन समिति, सदस्य उप समिति द्वितीय अनुमान समिति, सदस्य विदेश मामलों की स्थायी समिति रहे और 2021 से अभी तक नवाचार रूपान्तरण आयोग असम के उपाध्यक्ष रहे। डेका ने 31 जुलाई 2024 को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल पद की शपथ ली। (Governor Deka Delhi Tour)

राज्यपाल रमेन डेका को गार्ड ऑफ ऑनर 

बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ और समापन सेरेमोनियल पुलिस बैंड द्वारा बजाए गए राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर राज्य गीत की धुन भी बजाई गई। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल रमेन डेका को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर डिप्टी CM अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, वाणिज्य और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व, खेलकूद और युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई विधायक उपस्थित थे। (Governor Deka Delhi Tour)

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के आयुक्त एन.के. शुक्ला, आलोक चंद्रवशी, छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, नारायण चंदेल, गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक समेत जनप्रतिनिधि, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, मनोज पिंगुआ, राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल व्ही.पी.वर्मा, राज्यपाल के विधिक सलाहकार भीष्प प्रताप पांडेय समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, राज्यपाल के परिजन, विश्वविद्यालयों के कुलपति, मीडियाकर्मी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। (Governor Deka Delhi Tour)

Back to top button
error: Content is protected !!