Google Analytics —— Meta Pixel

राज्यपाल डेका ने उपराष्ट्रपति धनखड़ और PM मोदी से की मुलाकात, इन मुद्दों को लेकर हुई चर्चा

Governor Deka Meet PM: छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल रमेन डेका ने नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। इस दौरान उपराष्ट्रपति धनखड़ की पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ और राज्यपाल डेका की पत्नी रानी डेका काकोटी भी उपस्थित थीं। इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। दरअसल, राज्यपाल रमेन डेका ने 1 से 3 अगस्त तक नई दिल्ली में आयोजित राज्यपालों के सम्मेलन में भाग लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में राज्यपाल डेका ने छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों के आकांक्षी जिलों, ब्लॉक, और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर अपनी प्रस्तुति दी।

यह भी पढ़ें:- किसानों की खुशहाली और समृद्धि हमारा ध्येय: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

उन्होंने छत्तीसगढ़ में जनजातीय विकास के लिए शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ के आकांक्षी एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। राज्यपाल ने विशेष रूप से बीजापुर जिले के नक्सली गतिविधियों से प्रभावित मुड़ावेडी गांव का उल्लेख किया, जहां सड़कों का विस्तार किया गया और प्रशासन द्वारा सुरक्षा बढ़ाई गई। इसके बाद वहां के वंचित बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। प्रस्तुतिकरण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी उपस्थित थे। (Governor Deka Meet PM)

  

बता दें कि रमेन डेका ने 31 जुलाई को राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। छत्तीसगढ़ के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने उन्हें शपथ दिलाई थी। राज्यपाल रमेन डेका का जन्म 1 मार्च 1954 को असम के सुआलकुची, कामरूप में हुआ। उनके पिता का नाम सुरेंद्र नाथ डेका और माता का नाम चंपाबती डेका है। उनके परिवार में पत्नी रानी डेका काकोटी और दो बच्चे हैं। उन्होंने बीए की डिग्री दर्शनशास्त्र और अर्थशास्त्र विषय में प्राग्ज्योतिष कॉलेज, गुवाहाटी विश्वविद्यालय असम से प्राप्त की। डेका एक वरिष्ठ राजनीतिज्ञ हैं। वे 1977 से राजनीति में सक्रिय हैं। वे 1980 में भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य थे। (Governor Deka Meet PM)

Back to top button
error: Content is protected !!