राज्यपाल डेका ने केंद्रीय गृहमंत्री शाह और गडकरी से की मुलाकात, पढ़ें पूरी खबर

Governor Deka Meet Shah: छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल रमेन डेका ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान प्रथम महिला रानी डेका काकोटी भी उपस्थित थीं। इससे पहले उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस अवसर पर नितिन गडकरी ने राज्यपाल को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। राज्यपाल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच कई विषयों पर चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Politics : कांग्रेसियों की राजनीतिक दुकान सनातन विरोध और हिन्दुत्व के प्रति घृणा से सजी पड़ी है : भाजपा
इससे पहले उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। दरअसल, राज्यपाल रमेन डेका ने 1 से 3 अगस्त तक नई दिल्ली में आयोजित राज्यपालों के सम्मेलन में भाग लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में राज्यपाल डेका ने छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों के आकांक्षी जिलों, ब्लॉक, और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ में जनजातीय विकास के लिए शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही छत्तीसगढ़ के आकांक्षी और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। (Governor Deka Meet Shah)

31 जुलाई को ली राज्यपाल के रूप में शपथ
राज्यपाल ने विशेष रूप से बीजापुर जिले के नक्सली गतिविधियों से प्रभावित मुड़ावेडी गांव का उल्लेख किया, जहां सड़कों का विस्तार किया गया और प्रशासन द्वारा सुरक्षा बढ़ाई गई। इसके बाद वहां के वंचित बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। प्रस्तुतिकरण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी उपस्थित थे। बता दें कि रमेन डेका ने 31 जुलाई को राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। छत्तीसगढ़ के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने उन्हें शपथ दिलाई थी। राज्यपाल रमेन डेका का जन्म 1 मार्च 1954 को असम के सुआलकुची, कामरूप में हुआ। उनके पिता का नाम सुरेंद्र नाथ डेका और माता का नाम चंपाबती डेका है। (Governor Deka Meet Shah)




