Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में करोड़ों की जीएसटी चोरी का खुलासा, सियासी पार भी हुआ हाई

GST Evasion in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में गुटखा कारोबार की आड़ में किए जा रहे GST चोरी का खुलासा हुआ है। जीएसटी विभाग ने कार्रवाई करते हुए ‘सितार ब्रांड’ के गुटखा निर्माता गुरुमुख जुमनानी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जुमनानी पिछले चार सालों से बिना जीएसटी पंजीयन के गुटखा निर्माण कर रहे थे, जिससे शासन को करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है। जीएसटी विभाग की ओर से दुर्ग और राजनांदगांव जिले में की गई जांच के दौरान यह खुलासा हुआ। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जुमनानी की फैक्ट्री बिना वैध लाइसेंस के चलाई जा रही थी और कर की चोरी सुनियोजित तरीके से की जा रही थी। इसके साथ ही उन पर बंधुआ मजदूरी कराने के आरोप भी लगे हैं।

यह भी पढ़ें:- महिमा साहू की मौत का खुलासा- नाबालिग ड्राइवर और फर्जी ड्राइवर का खेल पकड़ा गया

जीएसटी विभाग ने छापामार कार्रवाई कर फैक्ट्री को सील कर दिया है और गुरुमुख जुमनानी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक यह एक ऑर्गनाइज्ड टैक्स एवेजन का मामला है, जिसमें जानबूझकर नियमों का उल्लंघन करते हुए करोड़ों की टैक्स चोरी की गई। इसे लेकर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ये कार्रवाई तब हुई जब सौदेबाजी में बात नहीं बनी। पौने दो साल तक ये बैन गुटखा कारोबार सरकार की नाक के नीचे चलता रहा। ईमानदार व्यापारियों को तो चोर साबित किया गया, लेकिन जिनके संरक्षण में ये कारोबार चलता रहा, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब सरकार अपनी पीठ थपथपाने में लगी है। (GST Evasion in Chhattisgarh)

इस पर बीजेपी नेता केदार गुप्ता ने कहा कि फैक्ट्री बिना लाइसेंस के चलाई जा रही थी, इसीलिए छापामारा गया। मोदी सरकार ने जीएसटी स्लैब में भारी कटौती की है, ताकि कारोबारी सहजता बढ़े। इसके बावजूद अगर कोई टैक्स चोरी करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहाकि ऑर्गनाइज टैक्स चोरी के मामलों पर हमारी सरकार सख्त रुख अपनाए हुए हैं। छोटे-मोटे मामलों में जहां सहयोगात्मक रवैया अपनाया जाता है, वहीं बड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी भी इसमें लिप्त पाया जाता है तो उस पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। (GST Evasion in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!