Google Analytics —— Meta Pixel

I Love You कहकर हाथ पकड़ना अपराध, लड़की की मर्यादा भंग: बिलासपुर हाईकोर्ट

HC on POCSO Case: बिलासपुर हाईकोर्ट ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। साथ ही कहा है कि किसी लड़की का हाथ पकड़कर I Love You कहना और उसे अपनी ओर खींचना मर्यादा भंग करने की श्रेणी में आता है और यह आपराधिक कृत्य है। हालांकि पीड़िता की उम्र नाबालिग साबित नहीं हो पाने के कारण कोर्ट ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट से बरी कर दिया। जस्टिस एनके चंद्रवंशी की सिंगल बेंच ने निचली कोर्ट की दी गई 3 साल की सजा को घटाकर 1 साल कर दिया।

यह भी पढ़ें:- पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव का बड़ा बयान, कहा- बीजेपी के लिए वोट मांगने वाले धर्मगुरु जनता को कर रहे गुमराह

मामला रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक 28 नवंबर 2019 को पीड़िता स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान 19 साल का आरोपी रोहित चौहान उसके पास पहुंचा और उसका हाथ पकड़कर I Love You कहा। इसके बाद उसने लड़की को जबरन अपनी ओर खींचने की कोशिश की। जब लड़की ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की। घटना के समय पीड़िता की छोटी बहन और उसकी एक सहेली मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया। डर के कारण तीनों कुछ देर के लिए छिप गई। बाद में घर पहुंचकर पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पिता के साथ थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

फास्ट ट्रैक कोर्ट ने ठहराया था दोषी

मामले में रायगढ़ के फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 20 मई 2022 को आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत दोषी ठहराया था। कोर्ट ने दोनों धाराओं में 3-3 साल की सजा और एक-एक हजार रुपए जुर्माना लगाया था। आरोपी ने इस फैसले के खिलाफ बिलासपुर हाईकोर्ट में अपील दायर की। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि पीड़िता की वास्तविक उम्र साबित नहीं की गई है। स्कूल रिकॉर्ड में उसकी जन्मतिथि 15 जून 2005 दर्ज थी, जबकि पीड़िता के पिता ने गवाही में जन्म 2003 बताया। इसके अलावा न तो जन्म प्रमाणपत्र और न ही आधार या अन्य कोई वैध दस्तावेज कोर्ट के सामने पेश किया गया। (HC on POCSO Case)

धारा 354 में दोष बरकरार

कोर्ट ने इस तर्क से सहमति जताते हुए कहा कि पीड़िता की उम्र संदेह से परे साबित नहीं हो सकी, इसलिए पॉक्सो एक्ट लागू नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर पॉक्सो एक्ट की धारा 8 को रद्द कर दिया गया। हालांकि हाईकोर्ट ने आईपीसी की धारा 354 के तहत आरोपी को दोषी मानते हुए सजा को बरकरार रखा। कोर्ट ने कहा कि किसी महिला का हाथ पकड़ना, उसे जबरन खींचना और इस तरह की हरकत करना उसकी मर्यादा, गरिमा और यौन शालीनता पर सीधा आघात है। कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि मर्यादा का अर्थ सिर्फ शारीरिक नुकसान नहीं, बल्कि महिला की गरिमा और सेक्सुअल डिसेंसी से जुड़ा हुआ है।

सजा घटाकर 1 साल, सरेंडर का आदेश

हाईकोर्ट ने आरोपी की सजा 3 साल से घटाकर 1 साल कर दी। आरोपी फिलहाल जमानत पर है, लेकिन कोर्ट ने उसे बची सजा काटने के लिए सरेंडर करने का आदेश दिया है। आईपीसी की धारा 354 के तहत किसी महिला की मर्यादा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल प्रयोग करने पर सजा का प्रावधान है। इसमें अधिकतम 2 साल की कैद, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। वहीं पीड़िता की उम्र प्रमाणित न होने के कारण पॉक्सो एक्ट की धारा 8 को इस मामले में लागू नहीं माना गया। (HC on POCSO Case)

Back to top button
error: Content is protected !!