Google Analytics —— Meta Pixel

बलौदाबाजार के मनोविकास केंद्र में बच्चों के इलाज और शिक्षा व्यवस्था में होगा इजाफा: स्वास्थ्य मंत्री

Psycho Development Center: बलौदाबाजार जिले के प्रभारी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में स्थित मनोविकास केंद्र का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने केंद्र के अलग-अलग कक्षों का अवलोकन किया और सुविधाओं का जायजा लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के बेहतर इलाज के लिए हफ्ते में दो दिन चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने और संगीत शिक्षक समेत स्पेशल एजुकेशन के लिए शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता भी साथ में मौजूद थे।

यह भी पढ़ें:- नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में निकलेगा विकास का नया सूरज: मुख्यमंत्री साय

स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र के एजुकेशन कक्ष, फिजियोथेरेपी कक्ष, स्पीचथेरेपी कक्ष का अवलोकन किया और वहां भर्ती बच्चों, उनके अभिभावकों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित किया और उनके साथ कैरम खेलकर मनोबल बढ़ाया। बच्चों के अभिभावकों से केंद्र में मिल रही सुविधाओं से बच्चे की स्थिति में सुधार की जानकारी ली। अभिभावकों ने बताया कि कम समय में ही बेहतर परिणाम नजर आ रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र में भर्ती बालक शंकर की ढोलक वादन प्रतिभा से प्रभावित होकर उन्हें नया ढोलक देने के भी निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मनोविकास केंद्र का बेहतर संचालन किया जा रहा है। इस प्रकार के केंद्र सभी जिलों और विकासखंडो में भी संचालित करने की आवश्यकता है। (Psycho Development Center)

40 से ज्यादा बच्चों को विशेष शिक्षा

बता दें कि बलौदाबाजार स्थित मनोविकास केंद्र विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के विकास और पुनर्वास के लिए समर्पित संस्थान है। यह केंद्र जनवरी 2025 से सीएसआर मद से संचालित हो रहा है और वर्तमान में 40 से ज्यादा बच्चों को विशेष शिक्षा, चिकित्सा सहायता, व्यावसायिक प्रशिक्षण और समग्र विकास की सुविधाएं प्रदान किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लवन का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के OPD और IPD समेत अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था के लिए CMHO को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए डीजी सेट और महिला-पुरुष वार्ड में एसी लगाने के भी निर्देश दिए। (Psycho Development Center)

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के निरीक्षण के दौरान दवा वितरण कक्ष, महिला वार्ड पुरुष वार्ड और प्रसूति कक्ष में भर्ती मरीजों से मिलकर उनकी हाल-चाल जाना। उन्होंने मरीजों से भोजन और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के सबंध में पूछताछ की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद चिकित्साकों और स्टॉफ से सेवा भाव, पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर और कक्षों में साफ सफाई, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए। बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लवन वर्तमान में 30 बेड के साथ संचालित है, जहां ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 80 की संख्या में पंजीयन होता है। (Psycho Development Center)

Back to top button
error: Content is protected !!