Google Analytics —— Meta Pixel

जगदलपुर बस स्टैंड में पिस्टल तानकर दबोचा गया हिस्ट्रीशीटर, सादे कपड़ों में पहुंची थी ओडिशा पुलिस

जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर स्थित नए बस स्टैंड में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ओडिशा पुलिस ने सादे कपड़ों में कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। शराब दुकान के पास पुलिसकर्मियों ने आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया और पिस्टल दिखाकर उसे काबू में किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टुन्ना महाजन के रूप में हुई है। उसके खिलाफ ओडिशा में चोरी, डकैती और पुलिस पर फायरिंग समेत कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।

सादे कपड़ों में पहुंची थी पुलिस टीम

जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस को टुन्ना महाजन के जगदलपुर में छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस की टीम सिविल ड्रेस में जगदलपुर पहुंची और नए बस स्टैंड इलाके में उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान आरोपी शराब दुकान के आसपास नजर आया। पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर मौके पर ही दबोच लिया।

पिस्टल दिखाकर किया काबू

अचानक हुई कार्रवाई से बस स्टैंड में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया और चारों तरफ से घेरकर उसे हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी आरोपी की ओर पिस्टल ताने नजर आया।

इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिसकर्मी ने आरोपी को गोली मारने की चेतावनी भी दी।

ओडिशा में कई मामले दर्ज होने का दावा

ओडिशा पुलिस के अनुसार, टुन्ना महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का आरोप है कि उसने बोरिगुमा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग भी की थी। इन मामलों में ओडिशा पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

जगदलपुर में गिरफ्तारी के बाद ओडिशा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।

बस्तर की चोरी की वारदातों से भी जुड़ रहे तार

पुलिस जांच में आरोपी के बस्तर क्षेत्र में हुई कुछ चोरी की घटनाओं से कथित संबंध की जानकारी भी सामने आने की बात कही जा रही है। इनमें गिरोला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं। हालांकि, इन मामलों में आरोपी की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी बस्तर कब आया था और यहां किन लोगों के संपर्क में था।

कंट्री मेड पिस्टल और सोना बरामद होने का दावा

ओडिशा पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से एक कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और इसके स्रोत तथा चोरी की वारदातों से कनेक्शन की जांच की जा रही है।

फिलहाल आरोपी को ओडिशा पुलिस अपने साथ ले गई है। ओडिशा में दर्ज मामलों के साथ-साथ बस्तर की चोरी की घटनाओं में उसकी संभावित भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जाएगी।

यह भी पढ़े :- ​सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जल-क्रांति, समृद्ध किसान – सशक्त को कर रहा है साकार

Back to top button
error: Content is protected !!