नक्सलवाद लोकतंत्र का सबसे बड़ा दुश्मन: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

HM Shah on Naxalism: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज कर दी गई है। साल 2025 में अब तक 25 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। इस बीच 16 जनवरी को बीजापुर में जवानों ने फिर 12 नक्सलियों को मार गिराया। साथ ही एक नक्सली को जिंदा पकड़ा है। इसे लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जवानों को बधाई है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद लोकतंत्र का सबसे बड़ा दुश्मन है और मोदी सरकार इसे समाप्त करने के लिए संकल्पित है। बीजापुर में केंद्रीय सुरक्षा बल और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर नक्सलियों के विरुद्ध बड़ी सफलता प्राप्त की। मोदी सरकार ‘नक्सलमुक्त भारत’ बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है और 31 मार्च 2026 तक देश नक्सलमुक्त होकर रहेगा। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद का अंत करना है।
यह भी पढ़ें:- आज सक्ती जिले के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, 168 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की देंगे सौगात
वहीं मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस संकल्प को पूरा करने हमारी सरकार भी प्रदेश में नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए ठोस और निर्णायक कदम उठा रही है। बीजापुर जिले के दक्षिण बस्तर के जंगलों में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 12 नक्सलियों को मार गिराया है। हमारे जांबाज जवानों को मिली यह सफलता सराहनीय है। मैं इस ऑपरेशन में शामिल सभी जवानों और सुरक्षा अधिकारियों को बधाई देता हूं। CM साय ने कहा कि नक्सलियों ने बस्तर की समृद्ध संस्कृति और शांतिपूर्ण जनजीवन को न केवल गहरे जख्म दिए हैं, बल्कि उनकी भयावह गतिविधियों ने बस्तर के मासूम लोगों को शारीरिक और मानसिक नुकसान पहुंचाया। नक्सली आदिवासी समाज के सबसे बड़े शोषक हैं, जिन्होंने उनके अधिकार छीने है और उन्हें मुख्यधारा में जुड़ने से भी वंचित रखा, लेकिन अब बस्तर में बदलाव की नई कहानी लिखी जा रही है। (HM Shah on Naxalism)
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के अथक प्रयासों से शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में नई शुरुआत हो रही है। इधर, बीजापुर के पुतकेल में हुए नक्सली हमले में घायल हुए दो जवानों से डिप्टी CM विजय शर्मा ने रायपुर के निजी अस्पताल में पहुंचकर मुलाकात की। साथ ही डॉक्टरों और अधिकारियों से जवानों के इलाज को लेकर जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न हो। इस दौरान उन्होंने जवानों का कुशलक्षेम जाना, उनसे बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इन जवानों के शौर्य और साहस के कारण नक्सल मोर्चे पर हमें निरंतर सफलता मिल रही है। डिप्टी CM ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा स्थापित करने के लिए दृढ़संकल्पित है। जवानों के बलिदान और समर्पण को कभी भुलाया नहीं जाएगा। उनके साहस ने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। (HM Shah on Naxalism)




