हाईवे पर भीषण हादसा: बाइक से टकराई बस में लगी आग, 11 की मौत
Hyderabad-Bangalore Bus Tragedy: आज शुक्रवार तड़के आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले के कल्लूर मंडल के चिन्णाटेकुर इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की बस एक बाइक से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर राख हो गई। अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलसे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे के बाद लगभग दर्जनभर लोग इमरजेंसी एग्जिट से किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। सभी घायलों को कर्नूल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर राहत-बचाव अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी है।
सीएम नायडू और जगनमोहन रेड्डी ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी ने भी शोक जताते हुए सरकार से घायलों के इलाज और पीड़ितों की मदद सुनिश्चित करने की अपील की। (Hyderabad-Bangalore Bus Tragedy)
कुर्नूल एसपी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। बस में 40 यात्री सवार थे, जिनमें से 18 को सुरक्षित बचाया गया है। हादसे के बाद से ही इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसने एक बार फिर निजी बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। (Hyderabad-Bangalore Bus Tragedy)



