Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ कांग्रेस जिलाध्यक्षों के नामों के ऐलान से पहले घमासान, कांग्रेस नेता श्रीकुमार मेनन ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी

Ruckus in Chhattisgarh Congress: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिलाध्यक्षों के नामों के ऐलान से पहले पार्टी के अंदरूनी नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। कांग्रेस नेता और रायपुर जिले के जिलाध्यक्ष पद के मजबूत दावेदार श्रीकुमार मेनन ने सोशल मीडिया पर एक दर्द भरा पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने ‘धोखा’, ‘गद्दार’ और ‘पीठ में छुरा’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर अपने भीतर की पीड़ा जाहिर की है। इस पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है और कांग्रेस संगठन में मौजूद तनाव को उजागर किया है।

यह भी पढ़ें:- तेजस्वी यादव महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा, मुकेश सहनी डिप्टी CM कैंडिडेट

श्रीकुमार मेनन ने लिखा- किसी ने कहा कि आप इतना धोखा कैसे सह सकते हो, वो भी अपने लोगों से तो मैंने कहा धोखा तो नमकहराम और गद्दार करते हैं। जिनको हमने सब कुछ दिया, वही हमारी पीठ में छुरा भोंकते हैं। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी और लॉबिंग की चर्चाओं को देखते हुए यह साफ संकेत माना जा रहा है कि वे जिलाध्यक्ष पद की घोषणा को लेकर असंतुष्ट हैं। श्रीकुमार मेनन से पहले कांग्रेस के एक और नेता शिव सिंह ठाकुर ने भी सोशल मीडिया पर अपनी निराशा व्यक्त की थी। ठाकुर ने रायपुर शहर के जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि उन्हें शायद वापस इंजीनियरिंग पेशे में लौटना पड़े। हालांकि उन्होंने बाद में अपनी पोस्ट हटा दी और स्पष्ट किया कि उनका राजनीति छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। (Ruckus in Chhattisgarh Congress)

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं को समान अवसर दिया है और श्रीकुमार मेनन का यह पोस्ट पूरी तरह से उनकी व्यक्तिगत भावना है। उन्होंने कहा कि यह पोस्ट पार्टी की नीति या विचारधारा से संबंधित नहीं है। यह किसी व्यक्तिगत उम्मीद से जुड़ी पीड़ा हो सकती है, जिसे पूरा नहीं किया गया। कांग्रेस के इस भीतरघात और कलह पर भाजपा नेता केदार गुप्ता ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजनीति को सत्ता हथियाने का टूल समझा है। राज्य की संपत्ति को अपने नाम करना उनका चरित्र रहा है। सत्ता में रहते हुए धन लूटने की आदत उन्हें चाकू और तलवार पर ला देती है। जनता अब सब जान चुकी है और कांग्रेस को खदेड़ चुकी है। (Ruckus in Chhattisgarh Congress)

बता दें कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने 41 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए 17 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं, जो अपने-अपने जिलों से छह-छह नामों का पैनल बनाकर अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) को भेजेंगे। अंतिम निर्णय हाईकमान का होगा। हालांकि पिछले दिनों NSUI और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रायपुर जिले के पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे से जिलाध्यक्ष के नाम को लेकर लॉबिंग करने की शिकायत की थी। उन्होंने पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा के बेटे पंकज शर्मा और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय पर श्रीकुमार मेनन के पक्ष में लॉबिंग करने का आरोप लगाया था। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा से पहले चल रही अंदरूनी कलह और नाराजगी ने पार्टी के अंदर के विवादों को बाहर लाकर रखा है। सोशल मीडिया पर नेताओं की नाराजगी और आरोप-प्रत्यारोप से यह साफ है कि कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण है।

Back to top button
error: Content is protected !!