Google Analytics —— Meta Pixel

तेजस्वी यादव महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा, मुकेश सहनी डिप्टी CM कैंडिडेट

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर दिया है। राजद के नेता तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया। पटना में आयोजित महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है तो उपमुख्यमंत्री के रूप में मुकेश सहनी के अलावा पिछड़े समुदाय के दूसरे नेताओं को भी महत्वपूर्ण पद दिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें:- रोहित शर्मा से कप्तानी छिनने की मिली सजा !, ऑस्ट्रेलिया से वनडे सीरीज हारा भारत

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरजेडी, कांग्रेस, वीआईपी समेत सात दलों के कुल 14 नेताओं ने भाग लिया। आरजेडी से तेजस्वी यादव, अब्दुल बारी सिद्दीकी, मनोज झा और संजय यादव, कांग्रेस से अशोक गहलोत, राजेश राम, कृष्णा अल्लावरू, पवन खेड़ा और अभय दुबे, सीपीआई (माले) से दीपंकर भट्टाचार्य, वीआईपी पार्टी से मुकेश साहनी, सीपीआई (एम) से ललन चौधरी, सीपीआई से रामनरेश पांडे और ऑल इंडिया पान महासभा के आईपी गुप्ता मंच पर मौजूद थे। सभी नेताओं ने अपनी भाषणों में महागठबंधन की एकजुटता पर जोर दिया। महागठबंधन ने घोषणा की है कि वह 28 अक्टूबर को अपना घोषणा पत्र जारी करेगा, जिसके बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में एक साथ रैली करेंगे। (Bihar Assembly Election 2025)

50 मिनट तक चली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस

महागठबंधन की यह संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करीब 50 मिनट तक चली, जिसमें सभी दलों ने चुनावी रणनीति और गठबंधन की मजबूती को लेकर चर्चा की। राजस्थान के पूर्न CM और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि आज देश के जो हालात हैं, उससे हम सभी चिंतित हैं। NDA सरकार जिस तरह से चल रही है, उससे लोकतंत्र को खतरा है। आज देश किस दिशा में जा रहा है, कोई नहीं जानता है। वहीं अगर कोई आवाज उठाता है तो उसे जेल भेज दिया जाता है। ऐसे में आगे आना हम सभी की जिम्मेदारी बनती है। बिहार में चुनाव है, पूरा देश बिहार की तरफ देख रहा है, क्योंकि BJP के अंदर कोई डेमोक्रेसी नहीं है। यह सिर्फ मुखौटा लेकर घूम रहे हैं।

चुनाव में झूठे वादे करना BJP का पैटर्न: गहलोत

उन्होंने कहा कि चुनाव में झूठे वादे करना, लोगों को भ्रमित करना, विपक्ष पर बेबुनियाद आरोप लगाना, धन-बल का उपयोग करना… ये सभी BJP का पैटर्न है। इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि- आप लोग बिहार में महागठबंधन की सरकार बनाएं , ताकि बिहार का विकास हो सके। तेजस्वी यादव का लंबा राजनीतिक सफर है और हमें विश्वास है कि जनता का उन्हें खूब प्यार मिलेगा। अब हमारा अमित शाह से सवाल है कि हमने तो अपना मुख्यमंत्री घोषित कर दिया, आप बताएं कि NDA से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा ? बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि INDIA गठबंधन की मजबूती की नींव उसी दिन रखी गई थी, जब राहुल गांधी ने मतदाता अधिकार यात्रा के तहत INDIA गठबंधन के सभी सदस्यों के साथ SIR और जनहित के मुद्दों पर लगभग 17 महीने गठबंधन को मजबूत करने के लिए काम किया था।

भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे: तेजस्वी

राघोपुर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार और महागठबंधन के CM चेहरा तेजस्वी यादव ने कहा कि सभी नेताओं ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरुंगा। हम साथ मिलकर डबल इंजन वाली भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। हम सभी ने मिलकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर दी, लेकिन NDA में नीतीश कुमार के साथ अन्याय हो रहा है। उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा भी घोषित नहीं किया जा रहा है। सच यही है कि BJP, नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। अमित शाह खुद इस बात पर मुहर लगा चुके हैं कि विधायक दल की संख्या मुख्यमंत्री तय करेगी। सवाल है- हर बार तो मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया जाता रहा है, लेकिन इस बार ऐसी बात क्यों कही जा रही है ? (Bihar Assembly Election 2025)

बिहार में महंगाई चरम पर: तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारा सपना था कि बिहार अव्वल राज्य में आए, लेकिन 20 साल से बिहार में NDA की सरकार है, उसके बाद भी यहां सबसे ज्यादा बेरोजगारी और गरीबी है। सबसे ज्यादा पलायन बिहार में होता है। बिहार में महंगाई चरम पर है। कारखाने नहीं हैं, उद्योग नहीं हैं। पढ़ाई, दवाई, कमाई की व्यवस्था नहीं है। सिंचाई की व्यवस्था नहीं है। बिहार में कोई आईटी हब नहीं है। प्रति व्यक्ति आय बिहार में सबसे कम है। यहां पर अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रदेश में सरेआम गोलियां चल रही हैं। NDA सरकार ने बिहार की ऐसी हालत बना दी है। हमारा लक्ष्य बिहार को आगे ले जाने का है। हम नई सोच के हैं सबको साथ लेकर चलना है। अमित शाह ने स्पष्ट किया नहीं कि NDA का मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा ?

BJP को बिहार से भगाएंगे: मुकेश सहनी

तेजस्वी यादव ने कहा कि मेरी परछाई भी अगर गलत काम करेगी तो उसको भी तेजस्वी सजा दिलाने का काम करेगा, ये संकल्प है। एक नया बिहार बनाने का काम हम करेंगे। VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा ने जिस तरह हमारी पार्टी को तोड़ा, हमारे विधायक को खरीदा उस समय से हमने संकल्प लिया था कि जब तक भाजपा को तोड़ेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं…वो समय आ चुका है। हम मजबूती के साथ महागठबंधन के साथ रहकर बिहार में सरकार बनाएंगे और भाजपा को बिहार से बाहर करेंगे। महागठबंधन मजबूत और एकजुट है। हम मजबूती के साथ महागठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे, बिहार में सरकार बनाएंगे और BJP को यहां से भगाएंगे।

नीतीश कुमार को साइडलाइन करने की साजिश: सहनी

सहनी ने उपमुख्यमंत्री पद के लिए खुद को महागठबंधन का चेहरा घोषित किए जाने पर कहा कि मैं हमारे गठबंधन के शीर्ष नेताओं और साथियों का धन्यवाद करता हूं कि आज उन्होंने ऐलान कर दिया है कि बिहार में अति पिछड़ा का बेटा महागठबंधन की सरकार बनने के बाद उपमुख्यमंत्री होगा। 2020 में बिहार में हमारे सहयोग से सरकार बनी थी। अगर हम समर्थन न देते तो नीतीश कुमार 2020 में मुख्यमंत्री नहीं बनते। मुझे तब भी उप-मुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव दिया गया था। उस समय मैंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया था क्योंकि मेरा मानना ​​था कि किसी के साथ गलत करके मैं उपमुख्यमंत्री नहीं बन सकता। भाजपा को बिहार से उखाड़ फेंकेंगे। आजाद भारत में पहली बार ऐसा हुआ है कि बिहार राज्य में फ्रंट लाइन में राजनीति करते हुए उपमुख्यमंत्री पद की घोषणा की जा रही है। हमारे लाखों कार्यकर्ताओं ने मजबूती से संघर्ष किया है। जोश के साथ बिहार में सरकार बनाएंगे। बिहार में नीतीश कुमार को साइडलाइन करने की साजिश भाजपा कर रही है।

NDA का चेहरा कौन है ?: भूपेश बघेल

CPI(ML) के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर ने कहा कि बिहार का ये चुनाव नौजवानों के लिए है, जो नौकरी मांगने पर लाठी खाते हैं। महिलाओं के लिए है, जिन्हें कर्जदार बना दिया गया है। किसानों के लिए है, जिनकी जमीनें छीनी जा रही हैं। ऐसे में हम पूरे देश को आश्वस्त करना चाहेंगे कि बिहार, ये भ्रष्ट सरकार बदलने के लिए पूरी तरह से तैयार है। राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार में तेजस्वी ही तेजस्वी है। बिहार की जनता जानती है कि वो तेजस्वी यादव के वादों, इरादों और संकल्पों पर वोट करने जा रही है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सही समय पर सही निर्णय। आज स्पष्ट हो गया कि हमारा मुख्यमंत्री का चेहरा कौन है और उपमुख्यमंत्री का चेहरा कौन है, लेकिन NDA का चेहरा कौन है ?

तेजस्वी यादव का घोषणा गेम चेंजर: मनोज कुमार झा

भूपेश बघेल ने कहा कि नीतीश कुमार 20 साल से मुख्यमंत्री हैं, लेकिन अभी भी NDA का चेहरा घोषित नहीं हुए हैं। कांग्रेस नेता टी.एस. सिंह देव ने कहा कि हर चुनाव में हर प्रदेश में अलग परिस्थिति होती है। मुझे याद नहीं आ रहा कि कहीं भी उपमुख्यमंत्री पद की घोषणा चुनाव से पहले की गई हो। परिस्थितियां ऐसी थी कि वो भी चाहते थे उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की जाए। राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि तेजस्वी यादव ने कल जो घोषणा की हैं वो गेम चेंजर है। गठबंधन को समझना होगा। एक पार्टी नहीं है। अलग-अलग पार्टियां जब एक साथ आती हैं तो सब चाहते हैं कि उनकी पार्टी का फुटप्रिंट बढ़े। लोगों के अंदर ये बात बैठ गई है कि महागठबंधन का सामूहिक रूप से फुटप्रिंट बेहतर होना चाहिए।

Back to top button
error: Content is protected !!