खौफनाक कदम: युवक ने पेट्रोल डालकर खुद को जलाया, CCTV में कैद पूरी वारदात
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवक द्वारा खुद को आग लगाने की हृदय विदारक घटना सामने आई है। मामला बिल्हा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह भी पढ़े :- भीषण गर्मी में जनगणना ड्यूटी पर बवाल: शिक्षकों ने जताई नाराजगी
जानकारी के अनुसार, पौशरी निवासी मनजीत जायसवाल ने कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के मुताबिक, युवक पहले एक पेट्रोल पंप से ईंधन खरीदकर अपनी बाइक से कम आवाजाही वाले स्थान पर पहुंचा और वहां खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया, वहीं उसकी बाइक भी जलकर खाक हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो सहायता लेना बेहद जरूरी है। किसी भरोसेमंद व्यक्ति या हेल्पलाइन से संपर्क करना जीवन बचा सकता है।



