बालोद में मुक्तिधाम से रिटायर्ड SDO की 94 साल की मां की अस्थियां चोरी, चिता स्थल पर नारियल-दीया रखकर पूजा

Human Remains Missing: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के खैरवाही गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मुक्तिधाम से 94 साल की बुजुर्ग महिला की अस्थियां चोरी हो गईं। परिवार जब अस्थियां लेने पहुंचा तो चिता स्थल पर नारियल और दीया रखा मिला, जबकि राख से अस्थियां गायब थी। परिजनों को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पूजा-पाठ करने के बाद अस्थियां निकाल ली। घटना से पूरा परिवार सदमे में है। हैरानी की बात यह है कि इसी मुक्तिधाम से अस्थियां गायब होने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक खैरवाही गांव की विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे निधन हो गया था। 13 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद 14 नवंबर की शाम उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अस्थियां लेने और पूजा करने मुक्तिधाम पहुंचे।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान का बढ़ा खतरा, बस्तर समेत 10 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश की आशंका
परिवार के लोग जब चिता स्थल पर पहुंचे तो वहां नारियल और दीया रखा हुआ था। यह देखकर वे हैरान रह गए। चिता की राख ठंडी हो चुकी थी, लेकिन उसमें अस्थियां नहीं मिली। आसपास और गांव में भी काफी तलाश की गई, लेकिन अस्थियों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने गुरुर थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। विद्यावती रुखमणी शर्मा धार्मिक स्वभाव की थी। उनके बेटे और सिंचाई विभाग से एसडीओ पद से सेवानिवृत्त रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनकी मां की इच्छा थी कि निधन के बाद उनकी अस्थियां प्रयागराज ले जाकर गंगा नदी में विसर्जित की जाएं। परिवार भी उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार पूरे विधि-विधान से अस्थि विसर्जन करना चाहता था, लेकिन अस्थियां गायब होने से उनकी यह इच्छा अधूरी रह गई। परिवार के सदस्यों में बालमुकुंद शर्मा, गिरेंद्र कुमार शर्मा, श्याममूर्ति शर्मा और शारदा प्रसाद शर्मा समेत अन्य लोग इस घटना से बेहद दुखी हैं। (Human Remains Missing)
94 साल तक दादी सुरक्षित रहीं, अस्थियों की रक्षा नहीं कर पाए: पोती
रामेश्वर प्रसाद शर्मा का कहना है कि परिवार का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं है। ऐसे में समझ नहीं आ रहा कि आखिर कोई अस्थियां क्यों ले गया और उनका क्या करेगा। उन्होंने पुलिस से अस्थियां ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी करने और अस्थियां वापस दिलाने की मांग की है। मृतिका की पोती स्मृति शर्मा ने बताया कि उनकी दादी 94 साल तक सुरक्षित रहीं, लेकिन निधन के बाद परिवार उनकी अस्थियों की रक्षा नहीं कर पाया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने चिता स्थल पर पूजा-पाठ करने के बाद अस्थियां उठा लीं। परिवार पहले से ही शोक में था, ऐसे में इस घटना ने सभी को और परेशान कर दिया है। परिजनों को समझ नहीं आ रहा कि कोई मृत व्यक्ति की अस्थियां आखिर क्यों ले जाएगा। घटना के बाद से परिवार में डर और चिंता का माहौल है। (Human Remains Missing)

मुक्तिधाम से अस्थियां गायब होने की तीसरी घटना
ग्रामीणों के मुताबिक खैरवाही गांव के इसी मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2025 में उनके पिता का निधन हुआ था। उनका अंतिम संस्कार भी इसी मुक्तिधाम में किया गया था। बाद में जब परिवार अस्थियां लेने पहुंचा तो वहां से अस्थियां गायब मिली थीं। लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में भी चिंता है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर मुक्तिधाम में इस तरह की घटनाओं को कौन अंजाम दे रहा है और इसके पीछे क्या वजह है? मामले में गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से शिकायत मिली है। फिलहाल परिवार क्रियाकर्म में व्यस्त है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में जानकारी नहीं दी गई है।




