भिलाई में पत्नी ने की पति की हत्या, सिलबट्टे से कुचला सिर, बार-बार के झगड़े और मारपीट से परेशान पत्नी ने ली जान

Husband Murder in Bhilai: भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2 स्थित दुर्गा पारा में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जहां एक महिला ने अपने ही पति की सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 40 साल के डोमन साहू के रूप में हुई है, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक डोमन साहू और उसकी पत्नी हीरामणी साहू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के दो बच्चे हैं और आए दिन होने वाले झगड़ों से पूरा परिवार तनाव में रहता था। पड़ोसियों के मुताबिक घर में अक्सर विवाद और मारपीट होती थी, जिससे आसपास के लोग भी परेशान रहते थे।
यह भी पढ़ें:- ट्रैफिक सिग्नल पर इंतजार अब आसान: धूप-बारिश से बचाव के लिए चौक-चौराहों पर बनेंगे प्रतीक्षा शेड
घटना से पहले 19 अप्रैल को ही हीरामणी साहू ने अपने पति के खिलाफ जामुल थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था। हालांकि कोर्ट से उसे जमानत मिल गई और वह शाम को घर लौट आया। घर लौटने के बाद डोमन साहू ने पत्नी से पुलिस में शिकायत करने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस बढ़ती गई और स्थिति हिंसक हो गई। गुस्से में आकर हीरामणी साहू ने घर में रखे सिलबट्टे से पति के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से डोमन साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। (Husband Murder in Bhilai)
शराब और मारपीट से था विवाद: पड़ोसी
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक अक्सर शराब के नशे में घर आता था और पत्नी-बच्चों के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से महिला लंबे समय से परेशान थी और पहले भी कई बार शिकायत कर चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवाद के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है, जहां लगातार तनाव और विवाद आखिरकार एक जानलेवा घटना में बदल गया।




