ओडिशा से खपाने लाया जा रहा था अवैध धान, नानगुर में 100 बोरी धान और मिनी ट्रक जब्त

Illegal Paddy in Bastar: धान खरीदी के सीजन में पड़ोसी राज्यों से अवैध रूप से धान खपाने की कोशिशों पर बस्तर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह नानगुर तहसील में राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से लाए जा रहे अवैध धान को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान 100 बोरी धान और एक मिनी ट्रक को जब्त किया गया। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे प्रशासन को सीमावर्ती मार्ग से अवैध धान परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जांच दल ने नाकाबंदी कर दी।
यह भी पढ़ें:- बस्तर की महिलाओं ने दिल्ली में लहराया परचम, प्रतिष्ठित मिलेनियर फार्मर ऑफ इंडिया का मिला राष्ट्रीय सम्मान
शक के आधार पर मिनी ट्रक को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में धान भरा पाया गया। जब वाहन चालक से धान के परिवहन और खरीदी से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में स्पष्ट हुआ कि धान ओडिशा के चांदली क्षेत्र से अवैध रूप से लाया जा रहा था, जिसे स्थानीय मंडियों में खपाने की तैयारी थी। इसके बाद मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने धान समेत वाहन को जब्त कर लिया। साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए नानगुर थाना को सौंप दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में नायब तहसीलदार लखीराम पांडे, रोहन कुमार बीसी, डोमन लाल, मंडी निरीक्षक बी.के. दिल्लीवार, पटवारी शंकर बैद, सोमेश नागेश और दिनेश सिंह की अहम भूमिका रही। प्रशासन ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं अवैध धान परिवहन और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर हरिस एस के निर्देश और एसडीएम बकावंड मनीष वर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने सिंगसारी क्षेत्र से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 27 क्विंटल धान को जब्त किया है।
बंगला डोंगरी के पास नाकाबंदी कर कार्रवाई
SDM मनीष वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों से सटीक सूचना मिली थी कि सिंगसारी क्षेत्र से धान को अवैध रूप से बस्तर की ओर खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए टीम ने बंगला डोंगरी के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान पिकअप वाहन को घेराबंदी कर रोका गया। वाहन चालक की पहचान सिंगसारी के नित्यानंद चौधरी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर पिकअप में बोरियों में भरा हुआ भारी मात्रा में धान पाया गया। जब चालक से धान परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
SDM ने दी कड़ी चेतावनी
जांच के बाद कुल 27 क्विंटल धान अवैध पाया गया। प्रशासन ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए धान समेत पिकअप वाहन को जब्त कर लिया और उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए करपावंड थाना में सुरक्षित रखवा दिया गया। SDM मनीष वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि शासन के निर्देशों के विपरीत अवैध धान खरीदी, भंडारण या परिवहन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का दौर लगातार जारी है। इस बीच अवैध धान को लेकर भी ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है।



