Google Analytics —— Meta Pixel

चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा भारत, ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराया

IND Vs AUS 2025: भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है। विराट कोहली सेमीफाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बने, जिन्होंने 84 रन की बहुत अहम पारी खेली। बता दें कि दुबई के इंटरनेशनल स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए और भारत को 265 रन का टारगेट दिया, जिसे भारत ने 48.1 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। सेमीफाइनल में कोहली ने 3 बड़ी साझेदारी की।

यह भी पढ़ें:- गुरु घासीदास के आदर्शों पर चलकर हमारी सरकार प्रदेश में सर्व वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: CM साय

किंग कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ 91, अक्षर पटेल के साथ 44 और केएल राहुल के साथ 47 रन जोड़े, जिसने रन चेज को आसान बनाया। आखिर में हार्दिक पंड्या ने तेजी से 28 रन बनाए। इसके बाद केएल राहुल ने छक्का मारकर टीम को जीत दिलाई। केएल राहुल 42 रन बनाकर नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया से कप्तान स्टीव स्मिथ ने 73 और एलेक्स कैरी ने 61 रन बनाए। मोहम्मद शमी ने 3, रवींद्र जडेजा और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को ज्यादा रन बनाने नहीं दिया। (IND Vs AUS 2025)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया और कहा- कौशल और दृढ़ संकल्प का अद्भुत प्रदर्शन!! टीम इंडिया धमाकेदार प्रदर्शन के साथ फाइनल में पहुंची। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में रोमांचक जीत के लिए हमारे लड़कों को बधाई। आपने देश को गौरवान्वित किया। फाइनल के लिए शुभकामनाएं। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा- भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी प्रभावशाली जीत पर हार्दिक बधाई। मेन इन ब्लू ने एक बार फिर असाधारण टीमवर्क, दृढ़ संकल्प और क्लास का प्रदर्शन किया है। उन्हें इस जीत की गति को जारी रखने और ट्रॉफी घर लाने के लिए शुभकामनाएं।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- दुबई में दिखा किंग कोहली और पांड्या का दम, शान से फाइनल में पहुंचे हम चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में कंगारुओं को 4 विकेट से पटखनी देने पर टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई और फाइनल के लिए अग्रिम शुभकामनाएं। शाबाश चैंपियंस! भारत माता की जय। उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा- ऐतिहासिक विजय..! चैम्पियंस ट्रॉफी-2025 के सेमी फाइनल मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त देकर फाइनल में स्थान सुनिश्चित करने पर भारतीय क्रिकेट टीम के होनहार खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। विश्व पटल पर भारत की विजय पताका फहराने वाले आप सभी खिलाड़ियों पर समस्त देशवासियों को गर्व है।

टीम इंडिया के पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह ने कहा कि हम इस जीत का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। भारत ने अच्छी बल्लेबाजी की। उस पिच पर 265 रनों का लक्ष्य इतना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने दबाव की स्थिति को बखूबी संभाला और सेमीफाइनल जीत लिया। ट्रॉफी हमारे पास है। एक क्रिकेट प्रशंसक ने कहा कि भारतीय टीम का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। फाइनल में कोई भी आए हम उसे हरा देंगे। दूसरे प्रशंसक ने कहा कि भारत जीत गई तो मुझे बहुत अच्छा लगा रहा है..भारत माता की जय। वहीं सेमीफाइनल में भारत के ऑस्ट्रेलिया को हराने पर देश के अलग-अलग राज्यों में लोगों ने जश्न मनाया। (IND Vs AUS 2025)

Back to top button
error: Content is protected !!