Google Analytics —— Meta Pixel

गुरु घासीदास के आदर्शों पर चलकर हमारी सरकार प्रदेश में सर्व वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: CM साय

CM Sai in Giroudpuri: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गिरौदपुरी धाम में आयोजित गुरुदर्शन मेला के पहले दिन गुरु गद्दी का दर्शन, पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान मेला समिति की मांग पर गिरौदपुरी मेले की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार से मंदिर तक स्थायी शेड निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को स्वयं प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर धर्मगुरु गुरुबालदास साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा, कलेक्टर दीपक सोनी, एसएसपी विजय अग्रवाल के साथ बड़ी संख्या में संत समेत श्रद्धालु उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें:- Champions Trophy 2025 : टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में, ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से सेमीफाइनल हराया

CM साय ने कहा कि सतनाम घट-घट म समाय हे। परमपूज्य बाबा गुरु घासीदास ने मनखे-मनखे एक समान और समाज में समरसता का संदेश दिया है, उनके आदर्शों पर चलकर हमारी सरकार प्रदेश में सर्व वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि तीन दिवसीय गिरौदपुरी मेला 4 मार्च से 6 मार्च तक आयोजित होगा। गिरौदपुरी धाम में हर साल आयोजित होने वाला यह मेला गुरु घासीदास के सत्य, अहिंसा और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। वहीं रायपुर स्थित साइंस कॉलेज मैदान में 4 मार्च से 8 मार्च तक राज्य स्तरीय महिला मड़ई का आयोजन किया जा रहा है। (CM Sai in Giroudpuri)

 

महिला मड़ई ’’सशक्त महिला समृद्ध महिला’’ विषय पर आयोजित की जा रही है। मड़ई में प्रदेश के महिला स्व-सहायता समूहों की ओर से उत्पादित सामग्रियों की प्रदर्शनी और विक्रय किया जाएगा। इस मड़ई में महिला एवं बाल विकास विभाग के समूहों के साथ अन्य विभागों के समूह जैसे-एनआरएलएम, वन विभाग, पंचायत विभाग की महिला स्व-सहायता समूहों की ओर से उत्पादित सामग्रियों के विक्रय और प्रदर्शन के लिए निशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्थानीय महिला उद्यमियों और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंजीकृत महिला उद्यमियों, उत्पादक, स्टार्ट-अप को भी स्टॉल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदर्शनी का अवलोकन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक किया जा सकता है। मड़ई में प्ले जोन भी बनाया जाएगा, जिसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक झूले एवं खेल-खिलौने की व्यवस्था की गई है। (CM Sai in Giroudpuri)

Back to top button
error: Content is protected !!