Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार से टूटा INDIA गठबंधन, जानिए किसने क्या कहा?

India Alliance on AAP: दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार के बाद INDIA गठबंधन के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उत्तरप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल कुछ ऐसी चीजों में जाकर फंसे, जिसे समाज स्वीकार नहीं करता है। अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति से पैसा कमाया है। इसलिए जनता ने इन्हें नकारा है। मैं भाजपा से कहना चाहूंगा कि कांग्रेस के समय जिस तरह शीला दीक्षित और मनमोहन सिंह ने काम किया था उसी तरह वे भी दिल्ली के लिए काम करें। कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि दिल्ली की जनता ने जिस तरह भाजपा को पूर्ण बहुमत दिल्ली में दिया है तो वे उन सभी मुद्दों को पूरा करेंगे जिन पर उन्होंने चुनाव लड़ा था। अरविंद केजरीवाल अपनी नाकामी और अहंकार की वजह से चुनाव में हारे हैं।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली में कांग्रेस को लगातार तीसरी बार नहीं मिला एक भी सीट, PM मोदी ने जमकर साधा निशाना

RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि 27 साल बहुत लंबा समय होता है। 27 साल बाद भाजपा दिल्ली की सत्ता में लौटी है, मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। अब उनके पास वह बहाना भी नहीं रहेगा कि डबल इंजन सरकार नहीं है। INDIA गठबंधन एक केंद्रीय विचार था, हमने इसे केंद्र में वैकल्पिक सरकार की संभावनाओं के लिए बनाया था। तब भी सभी दलों को पता था कि राज्यों में हम एक-दूसरे के सामने होंगे। ऐसी विसंगतियां होती हैं। मुझे लगता है कि अगर पार्टियों को लगता है कि वे बेहतर प्रदर्शन के लिए समन्वय कर सकते हैं तो यह पहले से करना होगा न कि चुनाव को देखकर। RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता मालिक होती है। जनता जिसे चुनती है उसकी सरकार बनती है, यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। (India Alliance on AAP)

हम तानाशाही को नहीं हरा सकते: संजय राउत

तेजस्वी ने कहा कि आशा है कि भाजपा अपने किए हुए वादे पूरे करेगी, वे 27 सालों बाद वहां सत्ता में आ रहे हैं तो उम्मीद है कि वे जुमलेबाजी तक ही सीमित न रह जाएं। शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों की जिम्मेदारी थी, उन्हें बैठकर सीट बंटवारे पर चर्चा करनी चाहिए थी, दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा और हार गए, यह देश के लिए नुकसान है। भाजपा चाहती है कि हम आपस में लड़ें। जब तक हम आपस में लड़ेंगे तब तक हम तानाशाही को नहीं हरा सकते। भाजपा का कोई भविष्य नहीं है, यह सूजन है, यह अस्थायी है, अभी 10 साल हुए हैं, आने वाले समय में वे चले जाएंगे, विपक्ष देश को आगे ले जाएगा। INDIA गठबंधन है और आगे भी रहेगा। (India Alliance on AAP)

बीजेपी अब देश में और आक्रामक हो जाएंगे: सौगत रॉय 

TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा कि दिल्ली में लोगों ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ वोट दिया, हमारी पार्टी ने AAP का समर्थन किया, लेकिन सच कहें तो आम आदमी पार्टी के खिलाफ लोगों की शिकायत थी। शराब घोटाले का असर हुआ। भाजपा ने बहुत कोशिश की और जीत गई, अब वे देश में और आक्रामक हो जाएंगे और अपने एजेंडे को आगे ले जाएंगे। अगर INDIA गठबंधन की पार्टियां मिलकर लड़ेंगी तभी कुछ होगा, सब अपने अहंकार पर लड़ेंगे तो फैसला दिल्ली जैसा ही होगा। बंगाल में सिर्फ TMC है, बंगाल की तुलना दिल्ली या किसी दूसरे राज्य से नहीं की जा सकती। बंगाल की हर गली, हर मोहल्ले में TMC है, यहां हम ही जीतेंगे। (India Alliance on AAP)

Back to top button
error: Content is protected !!