भारत-नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, अपनेपन और अटूट विश्वास का है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

India Nepal Bilateral Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद कई अहम परियोजनाओं की घोषणा की। बाढ़ प्रभावित नेपाल के पुनर्निर्माण, रेल-रोड कनेक्टिविटी, ऊर्जा, पेट्रोलियम सप्लाई, शिक्षा और युवाओं के लिए स्टार्टअप के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। दोनों देशों ने ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ के साझा विजन को आगे बढ़ाने के लिए संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट भी जारी किया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त प्रेस वार्ता में नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपए के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज की घोषणा की। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापार, परिवहन, ऊर्जा, शिक्षा, तकनीक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए कई नई परियोजनाओं पर सहमति बनी है।
यह भी पढ़ें:- अयोध्या से जनकपुर के बीच दौड़ी सरयू-कमला एक्सप्रेस, PM मोदी और बालेन ने दिखाई हरी झंडी, 19 घंटे में पूरा होगा सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोसी देशों का संबंध नहीं, बल्कि अपनेपन, साझा इतिहास और अटूट विश्वास का रिश्ता है। दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां साझा हैं। भारत हमेशा नेपाल की प्रगति में सहभागी रहा है। उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि नेपाल की जनता ने उन्हें जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह वहां की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल में अगस्त महीने में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास में सहयोग करेगा। इसी कड़ी में 24 हजार करोड़ नेपाली रुपए के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज की घोषणा की गई है। इस पैकेज का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों के जीवन को दोबारा पटरी पर लाना, नए आर्थिक अवसर पैदा करना और भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता को मजबूत करना है। (India Nepal Bilateral Relations)
अयोध्या-जनकपुर के बीच संबंधों को मिलेगा नया आयाम: PM मोदी
भारत और नेपाल के बीच धार्मिक-सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। इस ट्रेन सेवा से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर पहुंचकर माता सीता के दर्शन करना भी आसान होगा। उन्होंने बताया कि साल 2025 में देश और दुनिया से लगभग 30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की। इसके साथ ही भारत और नेपाल लुंबिनी, बोधगया सहित दोनों देशों के बौद्ध और शिव-शक्ति से जुड़े पवित्र स्थलों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए भी मिलकर काम करेंगे। भारत और नेपाल के बीच सीमा पार आवाजाही और व्यापार को आसान बनाने के लिए भी कई परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला रोड ब्रिज के उद्घाटन और बनबसा में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का शिलान्यास किए जाने की जानकारी दी। इसके साथ ही नेपाल की ओर दोधारा-चांदनी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का काम भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। बिहार, उत्तर प्रदेश और भारत के अन्य राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को भी गति देने पर सहमति बनी है।
जलविद्युत परियोजनाओं से ऊर्जा सहयोग को मिलेगी मजबूती
नेपाल के ट्रांजिट व्यापार को सुगम बनाने के लिए भारत की ओर से कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। इससे नेपाल को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए परिवहन और लॉजिस्टिक्स के नए विकल्प मिल सकेंगे। नेपाल की नदियों में मौजूद जलविद्युत क्षमता को दोनों देशों के आर्थिक सहयोग का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का विशाल ऊर्जा बाजार नेपाल की जलविद्युत क्षमता को आर्थिक समृद्धि में बदलने में मदद कर सकता है। इसी दिशा में लोअर अरुण हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया है। साथ ही अरुण-3 परियोजना को निर्धारित समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई। भारत लंबे समय से नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करता रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष तेल आपूर्ति से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद भारत ने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य जरूरी वस्तुओं की सप्लाई जारी रखी। इस सहयोग को आगे बढ़ाते हुए मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के फेज-2 का लोकार्पण किया गया है। इसके साथ ही झापा पेट्रोलियम टर्मिनल का शिलान्यास भी किया गया। इन परियोजनाओं से नेपाल में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
नेपाल में IIT कैंपस और स्टार्टअप इन्क्यूबेटर होंगे स्थापित
भारत और नेपाल के बीच शिक्षा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने की योजना है। प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि नेपाल में स्टार्टअप इन्क्यूबेटर, इनोवेशन हब और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी IIT का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा नेपाली विद्यार्थियों के लिए भारत में कानून और तकनीक के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाए जाएंगे। खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करने के लिए नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी भारत सहयोग करेगा। इन पहलों का उद्देश्य नेपाल की युवा प्रतिभाओं को अवसर देना और रोजगार के साथ उद्यमिता को बढ़ावा देना है। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को आधुनिक माध्यमों से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रामायण की कथा फिल्मों और आधुनिक तकनीक के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंच रही है। भारत और नेपाल के युवा क्रिएटर्स मिलकर अपनी साझा सांस्कृतिक विरासत को दुनिया तक पहुंचा सकते हैं। इसी उद्देश्य से अगली WAVES समिट में नेपाल के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया जाएगा। (India Nepal Bilateral Relations)

भारत और नेपाल के लिए संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट
खेल के क्षेत्र में विशेष रूप से क्रिकेट के बुनियादी ढांचे के विकास और नेपाली खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में भारत अपना सहयोग बढ़ाएगा। भारत और नेपाल ने अपने साझा भविष्य को नई दिशा देने के लिए संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट जारी किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के संकल्पों को मिलकर साकार करने का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच स्पष्ट लक्ष्य, आपसी विश्वास और उन्हें पूरा करने की क्षमता मौजूद है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल मिलकर अपने साझा विजन को ठोस उपलब्धियों में बदलेंगे और द्विपक्षीय संबंधों का नया अध्याय लिखेंगे। उन्होंने अपने संबोधन का समापन भारत-नेपाल मैत्री अमर रहे के संदेश के साथ किया। भारत और नेपाल के बीच हुई इस द्विपक्षीय वार्ता से साफ है कि दोनों देश अपने पारंपरिक रिश्तों को अब आर्थिक विकास, व्यापार, ऊर्जा, शिक्षा और आधुनिक कनेक्टिविटी के नए आयामों से जोड़ना चाहते हैं। 24 हजार करोड़ नेपाली रुपए के विकास पैकेज से लेकर रेल और सड़क परियोजनाओं तक, इन फैसलों का मकसद नेपाल की विकास यात्रा को गति देना और दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना है। अब इन घोषणाओं को जमीन पर उतारना दोनों देशों के साझा विजन की सबसे बड़ी कसौटी होगी।




