Google Analytics —— Meta Pixel

अयोध्या से जनकपुर के बीच दौड़ी सरयू-कमला एक्सप्रेस, PM मोदी और बालेन ने दिखाई हरी झंडी, 19 घंटे में पूरा होगा सफर

Saryu Kamla Express Launch: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत हो गई है। 23 नवंबर यानी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस से वर्चुअली जुड़कर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही अयोध्या कैंट स्टेशन से ट्रेन जनकपुर धाम के लिए रवाना हो गई। उद्घाटन के पहले दिन ट्रेन में 1158 यात्री सवार हुए। यह साप्ताहिक ट्रेन सेवा होगी और आम यात्रियों के लिए 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है। वाल्मीकि रामायण में वर्णित प्रसंग के मुताबिक राजा दशरथ को राम बारात लेकर अयोध्या से मिथिला पहुंचने में चार दिन लगे थे। वहीं अब आधुनिक रेल सेवा के जरिए अयोध्या से जनकपुर धाम तक का सफर करीब 19 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इस ट्रेन के शुरू होने से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को सीधे एक-दूसरे के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़ें:- अब पश्चिम बंगाल का भी बदलेगा नाम! ‘पश्चिम बंगा’ करने की तैयारी, 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव

ट्रेन के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के संबंधों को साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री ने 2018 में जनकपुर की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने उस समय भी कहा था कि नेपाल के बिना हमारे तीर्थ अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। अब सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत के साथ इस पवित्र रिश्ते को नया आयाम मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाने से पहले रेलवे के गति शक्ति पोर्टल और रेलवे से जुड़ी अन्य तकनीकों का भी अवलोकन किया। अयोध्या रेलवे स्टेशन पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी, जिसके माध्यम से दोनों देशों के प्रधानमंत्री ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम से जुड़े। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेन सेवा की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे की इस पहल से दो पवित्र तीर्थस्थलों को आपस में जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या और मिथिला की संस्कृतियों का पावन और पौराणिक मिलन आज सरयू-कमला एक्सप्रेस के माध्यम से पुनर्जीवित हो रहा है। CM योगी ने कहा कि इस रेल सेवा के शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे। वहीं भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम जाकर माता जानकी के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि यह ट्रेन दोनों देशों के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को और मजबूत करेगी। CM योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में नेपाल के संतों, युवाओं और श्रद्धालुओं के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे थे। नेपाल का पशुपतिनाथ मंदिर और काशी का बाबा विश्वनाथ मंदिर भी दोनों देशों के आध्यात्मिक संबंधों की महत्वपूर्ण कड़ी रहे हैं। (Saryu Kamla Express Launch)

यूपी-बिहार के 10 स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या कैंट से रवाना होकर उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख स्टेशनों से होते हुए नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी। इसके निर्धारित रूट में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन शामिल हैं। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश करेगी और जनकपुर धाम पहुंचेगी। यह ट्रेन अयोध्या से जनकपुर तक करीब 18 घंटे 50 मिनट का सफर तय करेगी। वहीं जनकपुर से अयोध्या लौटने में करीब 19 घंटे लगेंगे। ट्रेन नंबर 15596 अयोध्या से जनकपुर धाम के लिए संचालित होगी, जबकि वापसी में ट्रेन नंबर 15595 होगी। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम जाने वाली ट्रेन सोमवार शाम 5 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और मंगलवार दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में जनकपुर धाम से ट्रेन शनिवार दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर चलेगी और रविवार सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी। यह साप्ताहिक ट्रेन सेवा होगी। इसके शुरू होने से उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी नेपाल आने-जाने के लिए एक नया रेल विकल्प मिलेगा। खासकर मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी के आसपास के इलाकों के यात्रियों को इससे फायदा मिलने की संभावना है।

17 कोच की ट्रेन में एसी और स्लीपर की सुविधा

सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच होंगे। इनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच शामिल हैं। एसी श्रेणी में थर्ड एसी के 6 और सेकेंड एसी के 2 कोच रखे गए हैं। इसके अलावा लगेज, गार्ड और पैंट्री जैसी सुविधाओं के लिए 2 अन्य कोच होंगे। ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल श्रेणी का कोच नहीं होगा। रेलवे के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार इसमें आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा भी नहीं रखी गई है। यात्रियों को केवल कन्फर्म टिकट पर ही यात्रा करनी होगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग से किसी कोटे की व्यवस्था की जानकारी भी सामने नहीं आई है। फिलहाल ट्रेन का आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है। सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत से नेपाल के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करेगी। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और निर्धारित नियमों के तहत बिहार के जयनगर स्टेशन पर पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसी प्रक्रिया के कारण जयनगर स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव सामान्य स्टेशनों की तुलना में ज्यादा रखा गया है। (Saryu Kamla Express Launch)

पहले दिन 1158 यात्रियों ने किया सफर

अयोध्या से जनकपुर जाने के दौरान यहां दो घंटे और जनकपुर से अयोध्या आने के दौरान एक घंटे का ठहराव होगा। यात्रियों को सफर के दौरान अपने जरूरी पहचान पत्र और दस्तावेज साथ रखने होंगे। इसके अलावा भारत से नेपाल और नेपाल से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट तैयार किए जाएंगे। इन चार्ट में यात्रियों की नागरिकता और पहचान पत्र से संबंधित जानकारी दर्ज होगी, ताकि संबंधित अधिकारी जांच की प्रक्रिया पूरी कर सकें। सरयू-कमला एक्सप्रेस के उद्घाटन के पहले दिन इसमें 1158 यात्री सवार हुए। ट्रेन को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था। अयोध्या स्टेशन पर उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। कलाकारों ने रामधुन और भजनों के जरिए माहौल को भक्तिमय बनाया। ट्रेन अयोध्या से रवाना होने के बाद अपने पहले निर्धारित ठहराव मनकापुर जंक्शन पहुंची। यहां करीब पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इसके बाद बस्ती स्टेशन पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने ट्रेन का स्वागत किया। ट्रेन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गोरखपुर शाम 5 बजकर 10 मिनट पर पहुंचने वाली थी, लेकिन यह करीब 4 बजकर 50 मिनट पर ही पहुंच गई। यानी ट्रेन करीब 20 मिनट पहले गोरखपुर पहुंची।

यात्रियों को इस्कॉन ने उपलब्ध कराया मुफ्त खाना

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती सफर के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। यात्रियों ने भी ट्रेन की सुविधाओं को बेहतर बताते हुए कहा कि अब अयोध्या से जनकपुर तक सीधे यात्रा करना आसान हो जाएगा। उद्घाटन के मौके पर ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए इस्कॉन संस्था की ओर से विशेष भोजन व्यवस्था की गई। संस्था ने यात्रियों को मुफ्त नाश्ता, जलपान और भोजन उपलब्ध कराया। यात्रा के दौरान सुबह नाश्ता, शाम को नमकीन और जूस समेत रात में भोजन देने की व्यवस्था की गई थी। रात के भोजन में चावल, दाल, तीन रोटी, दो प्रकार की सब्जियां, मिठाई और पानी शामिल था। इस्कॉन के प्रवक्ता मधुकांत दास के मुताबिक इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को लंबी यात्रा के दौरान सहूलियत देना है। उद्घाटन के दिन यात्रियों को दोनों समय भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया गया। अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा को देखते हुए ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल के जवानों की तैनाती की गई। ये जवान नरकटियागंज तक ट्रेन के साथ रहेंगे। इसके अलावा स्काउट गाइड के 35 वॉलंटियर भी यात्रियों की सहायता के लिए तैनात किए गए थे। ये वॉलंटियर गोरखपुर तक यात्रियों को सहयोग देंगे।

जनकपुर में स्वागत की तैयारियां

ट्रेन के रवाना होने से पहले अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वाड की टीम ने भी सुरक्षा जांच की। स्टेशन और ट्रेन की जांच के बाद ही उद्घाटन की प्रक्रिया पूरी की गई। अयोध्या से जनकपुर धाम पहुंचने वाली पहली ट्रेन के स्वागत के लिए नेपाल में भी तैयारियां की गई हैं। जनकपुर रेलवे स्टेशन पर सफाई और रंग-रोगन का काम कराया जा रहा है। ट्रेन के पहुंचने को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह है। दोनों देशों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों के लिहाज से इस रेल सेवा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अयोध्या और जनकपुर धाम का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भारत और नेपाल दोनों के लिए विशेष है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली है। रामायण में जनकपुर को राजा जनक की नगरी बताया गया है, जहां भगवान राम और माता सीता का विवाह हुआ था। नई ट्रेन सेवा से दोनों शहरों के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। इसके साथ ही रामायण सर्किट से जुड़े धार्मिक स्थलों को आपस में जोड़ने में भी मदद मिलेगी। पर्यटन बढ़ने से रास्ते में पड़ने वाले उत्तर प्रदेश और बिहार के शहरों में होटल, परिवहन, दुकान और स्थानीय व्यापार से जुड़े कारोबार को फायदा मिलने की संभावना है।

2022 में शुरू हुई थी जयनगर-जनकपुर रेल सेवा

रेलवे के अधिकारियों ने भी इस नई सेवा को भारत और नेपाल के बीच दोस्ती की ट्रेन बताया है। रेलवे के डिप्टी चीफ टिकट इंस्पेक्टर के मुताबिक, अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधा रेल संपर्क शुरू होने से दोनों देशों के बीच पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क पहले से मौजूद है। बिहार के जयनगर से नेपाल के जनकपुर होते हुए बिजलपुरा तक रेल सेवा 3 अप्रैल 2022 को शुरू हुई थी। इससे एक दिन पहले 2 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने संयुक्त रूप से इस रेल सेवा का उद्घाटन किया था। जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल मार्ग का चालू हिस्सा करीब 52 किलोमीटर लंबा है। इसके आगे बर्दीबास तक विस्तार की योजना है। अब अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू होने से भारत-नेपाल के बीच रेल संपर्क का दायरा और बढ़ गया है। पहले की रेल सेवा मुख्य रूप से सीमावर्ती इलाकों को जोड़ती थी, जबकि नई ट्रेन अयोध्या जैसे प्रमुख धार्मिक केंद्र को सीधे नेपाल के जनकपुर धाम से जोड़ेगी। (Saryu Kamla Express Launch)

विदेश जाने वाली रेल सेवाओं में नेपाल का संपर्क बढ़ा

भारत से पड़ोसी देशों के लिए रेल संपर्क की व्यवस्था में नेपाल का महत्वपूर्ण स्थान है। जानकारी के अनुसार भारत से विदेश जाने वाली कुल सात यात्री रेल सेवाओं में नेपाल के लिए दो सेवाएं शामिल हैं। इनमें जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा और अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम रेल सेवा शामिल हैं। बांग्लादेश के लिए मैत्री एक्सप्रेस कोलकाता-ढाका), बंधन एक्सप्रेस (कोलकाता-खुलना) और मिताली एक्सप्रेस (न्यू जलपाईगुड़ी-ढाका) सेवाएं सूचीबद्ध हैं, हालांकि फिलहाल ये बंद हैं। वहीं पाकिस्तान के लिए समझौता एक्सप्रेस (अटारी-लाहौर) और थार एक्सप्रेस (मुनाबाव-खोखरापार) भी फिलहाल बंद हैं। इस तरह सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत भारत और नेपाल के बीच मौजूदा रेल संपर्क को विस्तार देने के साथ धार्मिक पर्यटन और दोनों देशों के सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती देने वाली पहल मानी जा रही है। सरयू-कमला एक्सप्रेस सिर्फ दो शहरों को नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की सदियों पुरानी आस्था, संस्कृति और रिश्तों को भी जोड़ने का काम करेगी। राम की नगरी अयोध्या से जानकी की जन्मस्थली जनकपुर तक शुरू हुआ यह सफर धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की उम्मीद है।

Back to top button
error: Content is protected !!