Google Analytics —— Meta Pixel

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो बोले- मैं भारत की घरेलू राजनीति में शामिल नहीं होना चाहता, लेकिन नरेंद्र मोदी का प्रशंसक जरूर हूं’

Indonesian President on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो ने जकार्ता में एक सामुदायिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। राष्ट्रपति प्राबोवो ने कहा कि भारत की अपनी राजकीय यात्रा से ठीक पहले मैंने जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट करवाया था। मैंने अपना DNA टेस्ट करवाया और मुझे पता चला कि मुझमें भारतीय DNA है और इसीलिए मुझे लगता है कि जब भी मैं कोई संगीत सुनता हूं, खासकर भारतीय संगीत तो मेरा शरीर थिरकने लगता है। मेरे मंत्री और जनरल, सभी को नाचना और गाना पसंद है। हो सकता है कि उनमें से ज्यादातर लोगों में भारतीय DNA हो। मेरे ज्यादातर मंत्री भारतीय गाने बहुत अच्छे से गाते हैं।

यह भी पढ़ें:- रक्षा, व्यापार, ब्रह्मोस, डिजिटल पेमेंट से लेकर अंतरिक्ष तक…भारत-इंडोनेशिया रिश्तों को मिली नई ताकत

उन्होंने यह भी कहा कि हम भारत के चुनाव आयोग से बहुत बारीकी से सीख रहे हैं। सच कहूं तो हम भारत को 1.4 अरब लोगों वाले देश के तौर पर देखते हैं। वहां हमारी तरह ही कई जातीय समूह और अलग-अलग क्षेत्रीय भाषाएं हैं, फिर भी कई राज्यों और खुद भारत संघ में इतने सालों से शांतिपूर्ण तरीके से सरकार का बदलाव होता रहा है। यह एक शानदार उपलब्धि है। मैं भी इसका अध्ययन कर रहा हूं और भारत की इन शानदार उपलब्धियों का अनुसरण कर रहा हूं। मैं भारत की घरेलू राजनीति में शामिल नहीं होना चाहता। मैं सभी भारतीयों का दोस्त हूं, लेकिन मैं एक बात जरूर कहना चाहूंगा और मेरे करीबी सहयोगी और साथी भी इस बात की गवाही देंगे कि मैं नरेंद्र मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। (Indonesian President on PM Modi)

राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो ने कहा कि मैं कोई प्रोफेशनल राजनेता नहीं हूं। इसका सबूत यह है कि मैंने पांच आम चुनावों में हिस्सा लिया और चार बार हारा। राष्ट्रपति बनने से पहले ही मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का अध्ययन किया था और चूंकि कोई कॉपीराइट नहीं है, इसलिए मैंने उनकी कई नीतियों को अपनाया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत उदारता से मुझे उनकी नीतियों को अपनाने की इजाजत दी। इसलिए मुझ पर किसी अदालत में मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि इंडोनेशियाई लोगों को भारत के अनुभव से सीखना चाहिए। हमारी सभ्यता और संस्कृति पर भारतीय सभ्यता का गहरा प्रभाव है। हमारी भाषा में लगभग 50% शब्द संस्कृत से आए हैं। हमारे बहुत से नाम संस्कृत के हैं। इसलिए हमारे बीच यह नजदीकी है और हम और भी करीबी सहयोग का स्वागत करते हैं। (Indonesian President on PM Modi)

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने कहा कि किसी भी राजनीतिक नेता के साथ खतरा यह होता है कि अगर उन्हें पोडियम और माइक्रोफोन मिल जाए तो वे उससे हटना नहीं चाहते। मैं भारत की घरेलू राजनीति में दखल नहीं दे रहा हूं, लेकिन मैं व्यक्तिगत रूप से नरेंद्र मोदी जी का प्रशंसक हूं। राष्ट्रपति के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इसे लेकर भारतीय मूल के एक युवा सदस्य ने कहा कि भले ही PM मोदी का भाषण काफी लंबा था, फिर भी वह बहुत अच्छा था। जब मैंने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो का भाषण सुना तो वह वैसा नहीं था, जैसा मैंने सोचा था। मुझे लगा था कि यह बहुत औपचारिक होगा, लेकिन असल में यह मजेदार था और मुझे उनका भाषण बहुत पसंद आया। भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के बीच बहुत अच्छी दोस्ती है। यह माहौल ऐतिहासिक था और दोनों देशों के बीच कई MoU पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे हमारे संबंध और मजबूत होंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!