Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी बोले- वैश्विक उथल-पुथल के इस दौर में बातचीत और कूटनीति की भूमिका पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण

PM Modi in Indonesia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भारत और इंडोनेशिया के बीच समझौतों के आदान-प्रदान के गवाह बने। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं इस गर्मजोशी से स्वागत के लिए अपने मित्र राष्ट्रपति प्रबोवो का आभार व्यक्त करता हूं। पिछले साल भारत के गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में हमें उनका स्वागत करने का अवसर मिला। उनके आत्मीयता भरे निमंत्रण पर इंडोनेशिया की यात्रा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। कल सुबह मुझे बहुत स्नेह के साथ, आदर के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। ये सम्मान कोटि-कोटि भारतवासियों का है। इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं का है, भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों का है। मैं राष्ट्रपति प्रबोवो, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।

यह भी पढ़ें:- इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो बोले- मैं भारत की घरेलू राजनीति में शामिल नहीं होना चाहता, लेकिन नरेंद्र मोदी का प्रशंसक जरूर हूं’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2018 में बनी हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी आज एक नई उड़ान ले रही है। हम विकास, सुरक्षा, तकनीक, संस्कृति और शिक्षा हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि भारत-इंडोनेशिया साझेदारी का एक सुनहरा अध्याय शुरू होगा। हमारे देशों के बीच बढ़ता विश्वास हमारी रक्षा, सुरक्षा और समुद्री सहयोग को मजबूत कर रहा है। हमने रक्षा आदान-प्रदान, आपदा प्रबंधन और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनाई। कल हुए समझौते से भारत की उच्च गुणवत्ता और किफायती दवाइयां इंडोनेशिया के नागरिकों को और सहजता से उपलब्ध होंगी। हम इंडोनेशिया के डॉक्टरों और स्वास्थ्य सेवा कर्मी की क्षमता निर्माण में भी योगदान देंगे। भारत में विकसित किए गए गेहूं के बीज की आपूर्ति से, इंडोनेशिया की खाद्य सुरक्षा और मजबूत होगी। हम एक दूसरे के साथ सतत खेती और कृषि प्रौद्योगिकी में सर्वोत्तम प्रथाएं भी साझा करेंगे। (PM Modi in Indonesia)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि 21वीं सदी तकनीक टेक्नोलॉजी पर आधारित सदी है। भारत और इंडोनेशिया दोनों ही युवा ऊर्जा से भरे हुए देश हैं। हमारे युवाओं में तकनीक के प्रति स्वाभाविक रुझान है। हमें अपने युवाओं के बीच AI, टेलिकॉम, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग बढ़ाने के लिए एक अहम समझौता किया है। हम दोनों देशों के बीच स्टार्टअप सहयोग को और गहरा करने पर भी सहमत हुए हैं। हम इंडोनेशिया में भारत के प्रतिष्ठित मैनेजमेंट संस्थान IIM बेंगलुरु का कैंपस खोलने जा रहे हैं। वैश्विक उथल-पुथल के इस दौर में भारत का मानना है कि बातचीत और कूटनीति की भूमिका, पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है। फिलिस्तीन के विषय पर हम दो-राज्य समाधान और दीर्घकालिक शांति का समर्थन करते हैं। इससे पहले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जकार्ता में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की थी। साथ ही इस्ताना मर्डेका में सांस्कृतिक प्रदर्शन भी देखा था। (PM Modi in Indonesia)

वहीं ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम पर सेक्रेटरी (ईस्ट) रुद्रेंद्र टंडन ने कहा कि ब्रह्मोस पर चर्चा हुई। यह इंडस्ट्री-टू-इंडस्ट्री सहयोग का एक अहम हिस्सा है, जिसे हम और दोनों नेता मिलकर आगे बढ़ाना चाहते हैं, ताकि हमारे रक्षा सहयोग के रिश्ते को एक नए स्तर पर ले जाया जा सके। हालांकि, कमर्शियल समझौतों पर सबसे ऊंचे स्तर पर चर्चा नहीं होती है। ये मामले कंपनियों पर छोड़ दिए जाते हैं। यह सहयोग का एक अहम क्षेत्र है और इस पर विस्तार से चर्चा हुई। इंडोनेशिया में भारत के राजदूत संदीप चक्रवर्ती ने कहा कि हमें उम्मीद है कि बातचीत और टेक्नोलॉजी इंटीग्रेशन का काम बहुत जल्द पूरा हो जाएगा। यह काम काफी आगे बढ़ चुका है और चूंकि दोनों नेताओं ने इसे जल्द पूरा करने में दिलचस्पी दिखाई है, इसलिए मुझे यकीन है कि बातचीत करने वालों तक यह संदेश पहुंच गया है कि वे बातचीत को जल्द खत्म करें। मुझे उम्मीद है कि साल के आखिर तक QRIS यानी क्विक रिस्पॉन्स कोड इंडोनेशियन स्टैंडर्ड और UPI के बीच इंटीग्रेशन हो जाएगा।

iMoto टेक्नोलॉजज के को-फाउंडर और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अभिषेक यादव ने कहा कि हम पूरी तरह से स्वदेशी बैटरी टेक्नोलॉजी विकसित कर रहे हैं, जिसमें हम बैटरी के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स, थर्मल मैनेजमेंट और इलेक्ट्रिकल मैनेजमेंट सिस्टम डिजाइन और डेवलप करते हैं। हम अपनी हाई-परफॉर्मेंस वाली मोटरबाइक को भी पूरी तरह से डिजाइन करते हैं, ताकि ऐसी मोटरबाइक बनाई जा सकें, जो पेट्रोल से चलने वाली बाइक से बेहतर हों। दुनिया में कभी न कभी इलेक्ट्रिक गाड़ियां ही चलेंगी। कुछ देशों ने दूसरों की तुलना में तेजी से EV अपनाई हैं। भारत बड़े पैमाने पर EV अपनाने में आगे है। भारत में टू-व्हीलर सेगमेंट में EV का इस्तेमाल पहले ही 10% से ज्यादा हो चुका है और फोर-व्हीलर सेगमेंट भी बहुत तेजी से बढ़ रहा है और 10% के आंकड़े की ओर बढ़ रहा है।

COO अभिषेक यादव ने आगे कहा कि इंडोनेशिया में भी फोर-व्हीलर सेगमेंट में EV का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। हमें उम्मीद है कि iMoto जैसे बेहतर प्रोडक्ट लॉन्च होने से इंडोनेशिया में इलेक्ट्रिक मोटरबाइक का इस्तेमाल और भी तेजी से बढ़ेगा। हमारे और iMoto कंपनी के लिए यह बहुत गर्व का मौका था कि हम दो देशों के नेताओं प्रधानमंत्री मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के सामने मंच पर थे। यह हमारे लिए यह बताने का एक शानदार मौका था कि हम इंडोनेशिया में क्या कर रहे हैं और iMoto देश में औद्योगिक विकास को बदलने में कैसे योगदान दे रही है। भारत और इंडोनेशिया के बीच हुई यह उच्चस्तरीय वार्ता सिर्फ कूटनीतिक मुलाकात तक सीमित नहीं रही, बल्कि रक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, डिजिटल पेमेंट, AI, शिक्षा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे भविष्य के क्षेत्रों में साझेदारी को नई दिशा देने वाली साबित हुई। ब्रह्मोस सहयोग, UPI-QRIS इंटीग्रेशन, IIM बेंगलुरु के कैंपस की स्थापना और भारतीय कंपनियों के बढ़ते निवेश जैसे कदम दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!