International Yoga Day 2022: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देखें अलग-अलग रंग

International Yoga Day 2022: नियाग्रा फॉल्स में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2022 समारोह आयोजित किया गया। न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास के समर्थन से यह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं नेपाल में योगा दिवस की पूर्व संध्या पर काठमांडू में धरहरा टॉवर जगमगाया। इधर, ओडिशा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर प्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रेत कला बनाई।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी योगा दिवस की बधाई

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि योग स्वस्थ, तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने की एक शैली है। इसकी साधना मूल रूप से शरीर, मन और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्रक्रिया है। इससे शारीरिक शक्ति के साथ हमें आंतरिक और भावनात्मक मजबूती भी मिलती है। (International Yoga Day 2022)

यह भी पढ़ें:- Bajrangbali: बजरंगबली को बहुत प्रिय हैं ये फूल, पूजा के दौरान जरूर चढ़ाएं

CM बघेल ने कहा है कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने इसके महत्व को बहुत पहले से ही जान लिया था। आज पूरा विश्व योग का महत्व समझ रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ के आह्वान पर अब हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाया जाता है। इस साल की थीम ’मानवता के लिए योग‘ (योग फॉर ह्यूमनिटी) रखी गयी है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में योग की प्रासंगिकता को बडे़ पैमाने पर लोगों ने पहचाना। शारीरिक ऊर्जा, प्रतिरोधक क्षमता के विकास और सामान्य स्वास्थ्य पर योग का काफी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला।

सभी नागरिकों से योग को अपनाने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे नियमित रूप से अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इससे आपके जीवन में सकारात्मकता आएगी। तन और मन दोनो स्वस्थ्य रहेंगे तो किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना कर सकेंगे। तन-मन से चुस्त-दुरुस्त रहकर ही हम गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के सपने को तेजी से साकार कर सकते हैं। स्वस्थ्य रहें और लोगों को स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित करें। (International Yoga Day 2022)

राज्यपाल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की दी बधाई

राज्यपाल अनुसुईया उइके ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी है। राज्यपाल ने योग दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को अपने संदेश में कहा है कि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपने दिनचर्या में शामिल करें। नियमित योग से शरीर के स्वस्थ होने के साथ-साथ मन की एकाग्रता भी बढ़ती है। लोगों की वर्तमान जीवन शैली और दिनचर्या को देखते हुए स्वस्थ व निरोगी जीवन के लिए योग की प्रासंगिकता बढ़ी है। भारतीय जीवन परंपरा में योग नया नहीं है, बल्कि सालों पुरानी इस विद्या से लोग अपने जीवन को बेहतर बना रहे हैं। पिछले दो-ढाई सालों में समूचा विश्व जिस गंभीर महामारी के दौर से गुजरा है, उसने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति अधिक सचेत और जागरूक किया है। इसी जागरूकता से लोगों का झुकाव योग व प्राचीन विद्याओं की तरफ बढ़ा है।

राज्यपाल उइके ने कहा कि हमें हमारी इस प्राचीन विद्या पर गौरवान्वित होना चाहिए। योग से लाखों मनुष्यों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं और कई लोग योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। पूरे विश्व ने भारत की इस प्राचीन परंपरा को न केवल अपनाया है, बल्कि प्रतिवर्ष योग दिवस के अवसर पर इसे अपनाने का संकल्प दोहराते हैं। राज्यपाल उइके ने अपने संदेश में कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए हमें नियमित योग करना चाहिए और अन्यों को भी योग करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई

समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंड़िया ने प्रदेशवासियों को आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन जीवन पद्धति का हिस्सा रहा है। इसे निरोग और स्वस्थ जीवन शैली का आधार माना गया है। आधुनिक जीवन शैली में घटती शारीरिक प्रतिरोधकता, तनाव युक्त व्यस्त जीवन को व्यवस्थित करने के लिए योग का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। यह मनुष्य को शरीर, मन और प्रकृति के बीच सामंजस्य बनाने में सहायता करता है।

‘योग को दैनिक जीवन शैली में अपनाना आवश्यक’

मंत्री भेंड़िया ने कहा कि ध्यान योग जहां हमें मानसिक मजबूती देता है, वहीं शारीरिक यौगिक क्रियाएं स्वस्थ्य और निरोगी शरीर का निर्माण करती हैं। कोरोना-19 जैसे संक्रमणों से बचाव के लिए शरीर में पर्याप्त प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए योग को दैनिक जीवन शैली में अपनाना आवश्यक है। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित योग आयोग, लगातार लोगों को सोशल मीडिया और शिविरों के माध्यम से योग प्रशिक्षण देकर स्वस्थ्य जीवन-शैली के लिए प्रेरित कर रहा है। भेंड़िया ने कहा कि स्वस्थ्य समाज के लिए योग के प्रति जागरूकता जरूरी है। सभी योग को अपनाएं ताकि हम मजबूत और स्वस्थ प्रदेश और देश के निर्माण में सहयोगी बन सकें।

Related Articles

Back to top button