छत्तीसगढ़ विधानसभा में उठा नक्सली सरेंडर और इनामी राशि का मुद्दा, प्रश्नकाल में नक्सल पुनर्वास पर बहस

Issue of Naxalite Rehabilitation: छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल में नक्सलियों के सरेंडर और पुनर्वास का मुद्दा गूंजा। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने सरेंडर करने वाले इनामी नक्सलियों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि और पुनर्वास नीति को लेकर सरकार से जानकारी मांगी। मंडावी ने पूछा कि राज्य की नक्सल पुनर्वास नीति क्या है, साल 2023 से अब तक कितने नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, इनामी नक्सलियों में से किन-किन को राशि का भुगतान किया गया है और कितनी राशि अभी बचे है। इस पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने सदन में जवाब देते हुए बताया कि 9 फरवरी 2026 तक प्रदेश में कुल 1496 इनामी नक्सलियों ने सरेंडर किया है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी पर सदन में घमासान, गर्भगृह में नारेबाजी के बाद कांग्रेस विधायक निलंबित
उन्होंने बताया कि पुनर्वास की प्रारंभिक राशि के रूप में अब तक 5 करोड़ 64 लाख रुपए इनामी सरेंडर करने वाले नक्सलियों को दिए जा चुके हैं। गृहमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि इनामी नक्सलियों को दी जाने वाली कुल राशि में से 49 करोड़ 34 लाख रुपए का भुगतान अभी बाकी है। सरकार की ओर से सरेंडर करने वाले नक्सलियों को राशि चरणबद्ध तरीके से दी जा रही है, जिसे वे तीन साल की अवधि पूरा होने के बाद बैंक से निकाल सकेंगे। प्रश्नकाल के दौरान गृहमंत्री ने बताया किया कि पुनर्वास प्रक्रिया के तहत 100 कैडर के नक्सलियों को अब तक 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि आवंटित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा मुख्यधारा में लौटने वाले नक्सलियों को स्थायी पुनर्वास उपलब्ध कराना है, ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें।
भुगतान में देरी और पारदर्शिता पर सवाल
सदन में इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच चर्चा भी हुई, जहां विपक्ष ने भुगतान में देरी और पारदर्शिता पर सवाल उठाए, वहीं सरकार ने पुनर्वास नीति को प्रभावी और परिणामकारी बताया। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ विधानसभा में नक्सलियों के सरेंडर और पुनर्वास को लेकर सरकार के आंकड़ों ने एक ओर जहां आत्मसमर्पण की बढ़ती संख्या को सामने रखा, वहीं बड़ी राशि अब भी लंबित होने का मुद्दा भी उभर कर आया। विपक्ष ने पारदर्शिता और भुगतान में तेजी की मांग की है, जबकि सरकार का कहना है कि पुनर्वास प्रक्रिया तय नियमों के तहत चरणबद्ध तरीके से जारी है। अब देखना होगा कि लंबित राशि का वितरण कब तक पूरा होता है और पुनर्वास नीति जमीन पर कितनी प्रभावी साबित होती है। (Issue of Naxalite Rehabilitation)



