छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 ठिकानों पर एक साथ की छापेमारी

IT Raid in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और आसपास के जिलों में आयकर विभाग ने लोहा कारोबारियों और उनसे जुड़े जमीन कारोबारियों के खिलाफ बड़ी छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई करीब 50 ठिकानों पर एक साथ की गई, जिसमें कारोबारियों के घर, कार्यालय और फैक्ट्रियां शामिल हैं। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ लोहे और स्टील प्लांट के कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी गई है, जिसमें ओम स्पंज, देवी स्पंज और हिंदुस्तान क्वेल के मालिक और संचालक, कारोबारी अरविंद अग्रवाल और उनके सहयोगियों के ठिकाने, वालफोर्ट सिटी और सिग्नेचर होम्स के ठिकाने शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Dhan Kharidi 2025 : समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसानों में उत्साह
इसी तरह सिलतरा और तिल्दा में लोहे-स्टील की फैक्ट्रियां, जमीन कारोबारियों के घर और कार्यालय में छापा मारा गया है। जानकारी के अनुसार छापेमारी में डेढ़ सौ से ज्यादा आयकर अधिकारी और 100 से ज्यादा CRPF जवान तैनात थे। मध्यप्रदेश और झारखंड की टीमें भी जांच में शामिल हुईं। आयकर विभाग की यह कार्रवाई आय छिपाने, कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए की गई। कारोबारियों के घर, कार्यालय और प्लांटों से वित्तीय दस्तावेज, लेन-देन के कागजात और आय से संबंधित रिकॉर्ड जब्त किए गए। डिजिटल साक्ष्यों में कंप्यूटर, मोबाइल फोन और हार्ड डिस्क ड्राइव शामिल हैं, जिनमें कर चोरी या फर्जीवाड़े के सबूत होने की संभावना है।

बैंकिंग ट्रांजैक्शन, रसीदें और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं। छापेमारी का उद्देश्य जमीन और लोहे के कारोबार में वित्तीय अनियमितताओं का पता लगाना है। दस्तावेज और डिजिटल सबूत आयकर विभाग की जांच में अहम भूमिका निभाएंगे। इस कार्रवाई के अलावा छत्तीसगढ़ में रेवेन्यू इंस्पेक्टर प्रमोशन घोटाले में भी बड़ी कार्रवाई की गई। ईओडब्ल्यू ने 10 अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। 2 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, जबकि बाकी 8 की गिरफ्तारी जल्द होने की संभावना है। इस घोटाले में 18 से ज्यादा लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिन पटवारियों को अनियमित तरीकों से प्रमोशन मिला, उनके खिलाफ भी कार्रवाई प्रस्तावित है।
5 दिन पहले 8 राज्यों में ED ने की थी कार्रवाई
30 नवंबर को देशभर में मेडिकल कॉलेज मान्यता के लिए रिश्वतखोरी केस में ED ने छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों में छापेमारी की थी। इनमें रायपुर का रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज भी शामिल था। ED अधिकारियों ने छापे के दौरान कई डिजिटल सबूत जब्त किए हैं। ED के मुताबिक रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर अतुल कुमार तिवारी के घर पूछताछ की गई। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, DVR, पेन ड्राइव और हार्ड डिस्क जब्त किए गए। बैंक से अकाउंट की जानकारी भी मांगी गई। वहीं ED की टेक्निकल टीम सबूतों की जांच कर रही है। (IT Raid in Chhattisgarh)
11 दिन पहले 19 ठिकानों पर पड़ा था छापा
24 नवंबर को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोंडागांव और अंबिकापुर में ACB-EOW की टीमों ने छापेमारी की थी। शराब घोटाले और DMF से जुड़े मामलों की जांच आगे बढ़ाते हुए टीमों ने 19 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी थी। DMF घोटाले में हरपाल सिंह अरोड़ा और उनसे जुड़े व्यक्तियों और ठेकेदारों के यहां रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, कोंडागांव, धमतरी और बलरामपुर मिलाकर 11 जगहों पर सर्च की गई थी। वहीं शराब घोटाला प्रकरण में जेल में बंद अनिल टुटेजा और निरंजन दास के परिजनों से जुड़े बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और बस्तर के 8 ठिकानों पर छापे मारे गए थे। (IT Raid in Chhattisgarh)



