Monsoon 2024 Prediction: इस साल खूब बरसेंगे बादल, जानिए कहां होगी ज्यादा बारिश, मॉनसून पर IMD की भविष्यवाणी

Monsoon 2024 Prediction: खेती-किसानी की मोर्चे पर अच्छी खबर है। देश में इस बार मॉनसूनी बारिश सामान्य से अधिक होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार को मॉनसून को लेकर दीर्घावधि पूर्वानुमान जारी किया। इसके अनुसार जून से सितंबर के चार महीनों में सामान्य से 106 फीसदी बारिश होगी। मॉनसून के दौरान सामान्य वर्षा का मतलब 87 सेंटीमीटर बारिश से होता है। यानी इस बार करीब 92 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने प्रेसवार्ता में पूर्वानुमान जारी किया।

यह भी पढ़े :- Chaitra Navratri 2024: महाअष्टमी पर करें आज मां महागौरी की पूजा, जानें मंत्र, पूजा विधि, भोग और आरती

IMD प्रमुख ने कहा, मॉनसूनी बारिश यदि 96-104 फीसदी रहती है तो यह सामान्य मानी जाती है, लेकिन इस बार यह 106 फीसदी तक रहने की संभावना है। इसलिए यह सामान्य से अधिक रहेगी। इसमें पांच फीसदी की मांडलीय त्रुटि हो सकती है। बता दें, 2023 में मॉनसूनी बारिश सामान्य के 94 फीसदी रही थी, जो सामान्य से थोड़ी ही कम थी। विभाग ने कहा कि मॉनसून के सामान्य से अधिक रहने की संभावना 61 फीसदी है, जबकि 29 फीसदी संभावना सामान्य रहने की है। सामान्य से कम रहने की संभावना महज 10 फीसदी है।

इन राज्यों में ज्यादा बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने इस साल मॉनसून में अच्छी बारिश का अनुमान जता दिया है। इसके साथ ही उन 20 राज्यों के बारे में भी बताया है जहां इस मॉनसून में जमकर बारिश होगी। इस साल केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र , गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, प.बंगाल, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पुड्डुचेरी, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, लक्षदीप, दादरा और नगर हवेली, दमन-दीव खूब बरसात देखने को मिलेगी।

इन राज्यों में होगी कम बारिश
महापात्र ने कहा कि आईएमडी अपने पूर्वानुमान में अल नीनो, ला नीनो, हिंद महासागर द्विध्रुव स्थितियां और उत्तरी गोलार्ध में बर्फीले आवरण संबंधी स्थिति के प्रभाव पर विचार करता है और यह सभी स्थितियां इस बार भारत में अच्छे मॉनसून के अनुकूल हैं।उन्होंने बताया कि उत्तर पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से ज्यादा वर्षा होने की प्रबल संभावना है।लेकिन आईएमडी प्रमुख ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना दिख रही है। उनके मुताबिक इसी तरह से पूर्वोत्तरी राज्यों–असम, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, नगालैंड और अरूणाचल प्रदेश के आसपास के इलाकों में भी सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही पूर्वी राज्यों- ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों व पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों में भी सामान्य से भी कम वर्षा होने का अनुमान है।

अलनीनो की स्थिति हो रही कमजोर
महापात्र ने कहा, मौजूदा समय में भूमध्य रेखीय प्रशांत महासागर में अलनीनो की मध्यम स्थितियां बनी हुई हैं। लेकिन अच्छी बात यह है कि यह लगातार कमजोर पड़ रहा है। यह अनुमान है कि मॉनसून के दूसरे चरण अगस्त-सितंबर में वहां ला नीना स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। दरअसल, ला नीना मॉनसून के लिए फायदेमंद माना जाता है, जबकि अलनीनो स्थिति में बारिश कम हो सकती है। IMD ने कहा कि देश में मॉनसून के आगमन को लेकर और देश के किस हिस्से में कितनी बारिश होनी है, इसे लेकर मई के अंत में भविष्यवाणी की जाएगी।

नौ बार सामान्य से अधिक बारिश हुई
IMD प्रमुख ने कहा, वर्ष 1951 से 2023 तक के आंकड़ों से पता चलता है कि भारत में उन नौ मौकों पर सामान्य से अधिक मॉनसूनी वर्षा दर्ज की गई, जब अल नीनो के बाद ला नीना की स्थिति बनी। वहीं देश में 22 ला नीना वर्षों में से 20 बार मॉनसून सामान्य से अधिक रहा। विभाग ने कहा, इस बार उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है। बता दें, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भारत की वार्षिक वर्षा का लगभग 70 प्रतिशत प्रदान करता है, जो कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। देश की जीडीपी में कृषि का योगदान लगभग 14 प्रतिशत है। (Monsoon 2024 Prediction)

तीन घटनाओं से होती है वर्षा की भविष्यवाणी
आमतौर पर मॉनसून सीजन की बारिश की भविष्यवाणी के लिए तीन बड़े पैमाने की जलवायु घटनाओं पर विचार किया जाता है। इसमें पहला, अल नीनो के प्रभाव को देखा जाता है। दूसरा, हिंद महासागर डिपोल (आईओडी) पर नजर रखी जाती है, जो भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के पश्चिमी और पूर्वी किनारों के अलग-अलग तापमान के कारण होता है। तीसरा, उत्तरी हिमालय और यूरेशियाई भूभाग पर बर्फ के आवरण को देखा जाता है। इस आवरण का भूभाग के अलग-अलग तापन के माध्यम से भारतीय मॉनसून पर भी प्रभाव पड़ता है।

महापात्र ने कहा कि हिंद महासागर डिपोल की स्थितियां और उत्तरी गोलार्ध में बर्फ का आवरण भारतीय दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के लिए अनुकूल हैं। वहीं अल नीनो मॉनसून का मौसम शुरू होने तक कमजोर पड़ जाएगा। (Monsoon 2024 Prediction)

Related Articles

Back to top button