Google Analytics —— Meta Pixel

इंद्रावती नदी में कूदे नाबालिग JEE छात्र का 4 दिन बाद मिला शव, सुसाइड नोट में लिखा- मैं फेलियर हूं

JEE Student Commits Suicide: जगदलपुर में इंद्रावती नदी के नए पुल से छलांग लगाने वाले 17 साल के नाबालिग छात्र अंश श्रीवास्तव का शव चार दिन बाद 12 जनवरी को बरामद कर लिया गया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। SDRF की टीम पिछले चार दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थी। शव मिलने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के मुताबिक अंश 8 जनवरी सुबह करीब 9 बजे घर से निकला था और इसके बाद लापता हो गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरू की।

यह भी पढ़ें:- नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता के बच्चे का सौदा, भिलाई के दंपति गिरफ्तार, रडार पर डॉक्टर और अस्पताल

9 जनवरी को इंद्रावती नदी के नए पुल के पास उसकी स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिससे नदी में कूदने की आशंका गहराई। इसके बाद SDRF को सूचना देकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके तहत सोमवार को पुल के नजदीक ही पानी में शव मिला। परिजनों ने पुलिस को अंश का एक डिजिटल सुसाइड नोट सौंपा है, जो उसने अपने माता-पिता के लिए लिखा था। नोट में उसने लिखा- सॉरी मम्मी-पापा, मैं कुछ नहीं कर पाया। मैं फेलियर हूं। इसमें आपकी कोई गलती नहीं है। कृपया वादा करिए आप लोग रोएंगे नहीं। अयान का ध्यान रखना। मुझे भूल जाना…सॉरी। छात्र ने यह संदेश ChatGPT की मदद से ट्रांसलेट कराया था।

अंश श्रीवास्तव मूल रूप से रायगढ़ का रहने वाला था, जो पिछले दो सालों से जगदलपुर के सनसिटी इलाके में अपनी नानी के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह JEE परीक्षा देने के लिए करीब 15 दिन पहले रायगढ़ से जगदलपुर आया था। अंश के पिता साउथ अफ्रीका में इंजीनियर हैं और घटना की सूचना मिलते ही वे छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गए थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इंट्रेंस एग्जाम में असफलता को लेकर अवसाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी सिंह राजपूत ने बताया कि मामले की जांच जारी है और परिजनों के बयान भी लिए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अंश घर से क्यों निकला और आत्मघाती कदम उठाने के पीछे वास्तविक कारण क्या थे।

Back to top button
error: Content is protected !!