Google Analytics —— Meta Pixel

कवर्धा के कामठी गांव में दुर्गा पंडाल उखाड़ने से मचा बवाल, पुलिस लाठीचार्ज में 40 से ज्यादा घायल

Kamthi Village of Kawardha: कवर्धा के कामठी गांव में रविवार को दुर्गा पंडाल लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसने हिंसक रूप ले लिया। नवदुर्गा स्थापना की तैयारी कर रहे हिंदू संगठनों और आदिवासी समाज के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। वहीं एक महिला आरक्षक का हाथ भी टूट गया। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कामठी गांव में स्थित दुर्गा मंदिर को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। रविवार सुबह सर्व समाज के लोग दुर्गा प्रतिमा स्थापना की तैयारी कर रहे थे और पंडाल-झंडे लगा रहे थे। इसी दौरान आदिवासी समाज के युवक पहुंचे और उन्होंने पंडाल के साथ झंडे उखाड़कर मंदिर परिसर से बाहर फेंक दिए। साथ ही मंदिर के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया।

यह भी पढ़ें:- Shardiya Navratri 2025 Day 1: शारदीय नवरात्रि 2025 का पहला दिन आज: कलश स्थापना और मां शैलपुत्री की पूजा, पढ़े दिनभर के शुभ मुहूर्त

इस घटना से हिंदू संगठनों ने विरोध किया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर तहसीलदार और पुलिस दल पहुंचा। अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ उग्र हो गई। इस दौरान आक्रोशित महिलाओं ने मंदिर की दीवार तोड़ दी। इसी बीच किसी ने पंडरिया SDOP भूपत सिंह धनेश्री का कॉलर पकड़ लिया, जिससे विवाद और भड़क गया। हंगामे में एक गर्भवती महिला आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुई और उसका हाथ टूट गया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए कुकदूर और पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। (Kamthi Village of Kawardha)

 

कुकदूर सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रसंग्निया साधू ने बताया कि करीब 30–35 घायलों का इलाज किया जा रहा है। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। 10–12 लोगों को बेहतर इलाज के लिए पंडरिया रेफर किया गया है। गांव के पंच बृजलाल बघेल ने बताया कि मंदिर को लेकर विवाद नया नहीं है। पिछले साल छठ पूजा के दौरान भी मंदिर में ताला लगाकर विवाद खड़ा किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि हर बार त्योहारों पर ऐसी स्थिति न बने। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि मंदिर परिसर को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। अभी स्थिति नियंत्रण में है और दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह शासकीय जमीन का मामला है और स्थायी समाधान के लिए समिति बनाई जाएगी। (Kamthi Village of Kawardha)

कवर्धा SP धर्मेंद्र सिंह छवाई ने भी कहा कि दुर्गा पंडाल तोड़ने की घटना के चलते विवाद हुआ। पहले शांति समिति की बैठक कर परंपरा के अनुसार मूर्ति स्थापना का निर्णय लिया गया था। दीवार तोड़ने और धक्का-मुक्की के कारण स्थिति बिगड़ी। ग्रामीण और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। फिलहाल गांव में शांति बहाल कर दी गई है। इस पूरे घटना ने एक बार फिर कामठी गांव में मंदिर विवाद को सुर्खियों में ला दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन स्थायी समाधान नहीं निकालेगा, हर त्यौहार पर ऐसा तनाव दोहराया जाएगा। (Kamthi Village of Kawardha)

Back to top button
error: Content is protected !!