कवर्धा जिले में भीषण सड़क हादसा, 3 लोगों की मौत

Kawardha Road Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र का है, जहां देर रात स्कूटी और बाइक की भिड़ंत हो गई, जिसमें 3 युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक हादसा डोंगरिया गांव के पास हुआ है। स्कूटी और बाइक सवारों की आमने-सामने टक्कर हुई है। तीनों युवकों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि दो युवक पांडातराई और एक अंधियारखोर का रहने वाला था।
यह भी पढ़ें:- पंच से शुरुआत करने वाले साय कैसे बने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ?, जानिए उनका राजनीतिक सफर
इससे पहले 10 दिसंबर को जांजगीर-चांपा जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ था, जिसमें दूल्हा-दुल्हन समेत 5 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक पामगढ़ से अकलतरा की ओर जा रही कार को अनियंत्रित ट्रक ने ठोकर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोगों का बलौदा गांव में अंतिम संस्कार किया गया। दूल्हा-दुल्हन का एक ही चिता पर दाह संस्कार किया गया। दूल्हे के पिता ओमप्रकाश भाजपा बलौदा मंडल अध्यक्ष थे। बता दें कि रविवार को सभी दुल्हन की विदाई कराकर बलौदा से लौट रहे थे। बलौदा के रहने वाले सोनी परिवार के बेटे शुभम सोनी की शादी शिवरीनारायण निवासी नेहा से शनिवार रात को हुई। (Kawardha Road Accident)
बालोद में 3 लोगों की हुई थी मौत
रविवार तड़के विदाई के बाद दूल्हा शुभम, दुल्हन नेहा, शुभम के पिता ओमप्रकाश सोनी (50), फूफा सरजू सोनी (66) और बुआ रेवती सोनी एक ही कार से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 5 बजे पकरिया जंगल में चंडी देवी मंदिर के पास ट्रक ने कार को चपेट में ले लिया। इस हादसे में कार सवार सभी की मौत हो गई। हादसे के बाद कार में हल्की आग भी लगी थी, लेकिन उसे समय रहते बुझा लिया गया। 5 नवंबर को बालोद जिले में हुए सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा तेज रफ्तार बाइक के पेड़ से टकराने के चलते हुआ। टक्कर लगने से मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। (Kawardha Road Accident)



