PM मोदी नायडू और नीतीश के पैरों से चला रहे अपनी सरकार: मल्लिकार्जुन खड़गे

Kharge in Haryana: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हरियाणा के चरखी दादरी में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा का साफ संदेश है। प्रदेश में कांग्रेस आ रही है। खड़गे ने कहा कि मुझे हरियाणा की धरती पर आने का मौका मिला। इसलिए मैं सभी नेताओं, किसान भाइयों, महिलाओं और नौजवानों को धन्यवाद देता हूं। नरेंद्र मोदी कहते थे कि हर साल 2 करोड़ नौकरियां देंगे। विदेशों से काला धन लाऊंगा। सबके खाते में 15-15 लाख आएंगे। अब हरियाणा में आकर कह रहे हैं कि हम 5 लाख नौकरी देंगे, जबकि यहां पहले से ही 1 लाख से ज्यादा पद खाली हैं। हरियाणा में 10 साल से BJP सरकार में हैं, तब आपने नौकरियां क्यों नहीं दी? इसलिए मैं कहता हूं- मोदी जी भरोसा तोड़ने वालों के सरदार हैं।
यह भी पढ़ें:- BJP ने सिर्फ लोगों को बांटने और नफरत फैलाने का काम किया: प्रियंका गांधी
उन्होंने कहा कि BJP कहती है कि यहां हमारी डबल इंजन सरकार है, लेकिन सवाल है कि अपने हरियाणा के लोगों के लिए क्या किया? मनोहर लाल खट्टर ने यहां 9 साल हुकूमत की, लेकिन अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। इसीलिए मैं कहता हूं कि BJP झूठों की सरदार है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी ने ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा दिया था, लेकिन नरेंद्र मोदी को न जवान की पड़ी है, न किसान की। उन्हें केवल RSS का एजेंडा मालूम है। ये किसानों का दर्द नहीं जानते, ये सिर्फ किसानों को डराते हैं। खड़गे ने हिसार में भी जनता को संबोधित किया। साथ ही कहा कि नरेंद्र मोदी किसानों की नहीं, अडानी-अंबानी की मदद करते हैं। जबकि कांग्रेस सरकार ने किसानों का 72,000 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया था। (Kharge in Haryana)
खड़गे ने कहा कि नरेंद्र मोदी अपनी तुलना नेहरू जी से करते हैं, लेकिन नेहरू जी ने जो काम किए, उससे देश में खुशहाली आई और तरक्की हुई। कांग्रेस सरकार ने जनता के लिए काम किया। देश में रोजगार बनाए, मनरेगा जैसी योजना दी। हरियाणा की BJP सरकार ने प्रदेश के ऊपर 3.17 लाख करोड़ का कर्ज बढ़ा रखा है। कांग्रेस के समय ये सरप्लस स्टेट था, हमारे पास पैसे थे। इसलिए हमने बहुत काम किया, लेकिन ये तो भरपेट खाते हैं और कर्ज लेकर बैठ जाते हैं। 3 अप्रैल 2019 की खबर है कि चंद्रबाबू नायडू ने कहा- ‘नरेंद्र मोदी आतंकवादी है’। अब उन्हीं के साथ नरेंद्र मोदी सरकार चला रहे हैं। ये अपनी कुर्सी के लिए सब कुछ करने को तैयार हैं। BJP चुनाव के समय तरह-तरह के वादे कर रही है। जबकि बीते 10 साल से हरियाणा में खुद BJP की सरकार है। (Kharge in Haryana)
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार में रहते हुए BJP ने कुछ नहीं किया। इसीलिए मैं कहता हूं कि डबल इंजन की सरकार फेल है। हांसी के लोगों की मांग है कि इसे जिला बना दिया जाए। हमारी सरकार आएगी, तो आपकी इस मांग को पूरा किया जाएगा। हरियाणा की जनता अब मौसम बदलने वाली है। हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में जबरदस्त माहौल। यहां कांग्रेस प्रचंड बहुमत से एक इतिहास कायम करेगी। हरियाणा की नींव भी कांग्रेस पार्टी ने ही रखी।पंडित नेहरू के समय भाकरा नांगल बांध बना, बड़े-बड़े बिजली संयंत्र, कारखाने, PSUs लगे। इंदिरा गांधी ने ही 1966 में हरियाणा को राज्य बनाया। सारी अहम संस्थाएं कांग्रेस के राज में स्थापित हुई हैं। हमारी सरकार में हांसी रोहतक रेल लाइन पर काम हुआ। हमने हरियाणा में अपनी सरकार में 4 पावर प्लांट लगाए, उसके बाद बीजेपी ने एक यूनिट भी नहीं जोड़ी। (Kharge in Haryana)
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने छह मेडिकल कॉलेज बनाए। झज्जर में एम्स, हरियाणा में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, डॉ. अंबेडकर लॉ यूनिवर्सिटी, आईआईटी, आईआईएम और ट्रिपल आईटी, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी जैसे कई संस्थान और यूनिवर्सिटी बनीं। कांग्रेस सरकार में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, कानून व्यवस्था, नौकरी देने और खेल-खिलाड़ी में पूरे देश में नंबर 1 था, लेकिन बीजेपी ने इसे बेरोजगारी, महंगाई में नंबर एक बना दिया। किसानों की लागत कई गुना बढ़ गयी लेकिन आमदनी नहीं बढ़ी। बीजेपी ने 10 सालों में पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाया। लेकिन किसानों, छोटे कारोबारियों, मजदूरों और नौजवानों का शोषण किया। PM मोदी सिर्फ अपने पूंजीपति मित्रों का साथ देते हैं। किसानों का साथ नहीं देते।अमीर लोगों का ₹16 लाख करोड़ माफ करते हैं और किसानों को GST के बोझ तले दबाकर रखते हैं, MSP की गारंटी नहीं देते। (Kharge in Haryana)
उन्होंने कहा कि भाजपा के तीन काले कानूनों की वजह से 750 किसानों ने शहादत दी, उस समय हरियाणा CM खट्टर ने अपने भाजपा नेताओं से बोला था। हर जिले में 500-1000 लोग खड़े करो, डंडे उठा लो, जैसे का तैसा करो। दो चार माह में जमानत हो जाएगी। अंदर रह कर आओगे तो बड़े नेता बन जाओगे। भाजपा में वही बड़ा नेता बनता है, जो किसानों और कमजोर तबकों की पिटाई करे। इस बार हरियाणा, किसान विरोधी और झूठी भाजपा को सत्ता से दूर रखेगा। नरेंद्र मोदी पहले कहते थे- हम किसानों की हिफाजत करेंगे, लेकिन उन्होंने फर्टिलाइजर, ट्रैक्टर, पेस्टिसाइड सभी पर GST लगा दी। हरियाणा ने देश को जोड़ने का काम किया है। स्वामी दयानंद सरस्वती जी ने सबको एक साथ लेकर चलने का काम किया, लेकिन RSS सबको तोड़ने का काम कर रही है। (Kharge in Haryana)
खड़गे ने कहा कि किसानों का आंदोलन चल रहा था तो मनोहर लाल खट्टर ने किसानों के लिए कहा था- एक-एक गांव में 500-1000 लोगों का गुट बनाओ, लाठी लो और किसानों को मार भगाओ। ये BJP की सोच है। हम हरियाणा से किया हर वादा निभाएंगे, हरियाणा की खोई खुशियां वापस लाएंगे। मोदी-शाह के झूठे प्रचार में न फंसे। इस देश से संविधान कहीं नहीं जाने वाला है। जब तक छुआछूत है…जब तक सामाजिक भेदभाव है…जब तक लोग कमजोर हैं…संविधान इस देश में रहेगा। कांग्रेस पार्टी दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्ग व गरीबों के आरक्षण के हक़ के लिए लड़ती रहेगी। बता दें कि हरियाणा की 90 सीटों पर 5 अक्टूबर को एक साथ वोटिंग होगी। वहीं 8 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। (Kharge in Haryana)



