किन्नर अखाड़ा : भारी विरोध के बाद ममता कुलकर्णी ने महामंडलेश्वर के पद से दिया इस्तीफा
Kinnar Akhara : साध्वी और पूर्व बॉलीवुड एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी ने महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इसकी जानकारी इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो जारी करके दी है। उन्होंने कहा है कि किन्नर अखाड़े (Kinnar Akhara) में मुझे लेकर विवाद है। उसके चलते मैं इस्तीफा दे रही हूं। मैं 25 साल से साध्वी हूं और आगे भी रहूंगी। बता दें कि, बीते दिनों पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने ममता कुलकर्णी के महामंडलेश्वर बनने पर विरोध किया था।
बाबा बागेश्वर ने किया था विरोध
बीते दिनों पहले ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाएं जाने पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि‘किसी भी तरह के बाहरी प्रभाव में आकर किसी को भी संत या महामंडलेश्वर कैसे बनाया जा सकता है? पदवी उसी को दी जानी चाहिए जिसके अंदर संत या साध्वी के भाव हो।’ व्यंग करते हुए बाबा बागेश्वर ने कहा कि, ‘हम खुद अभी तक महामंडलेश्वर नहीं बन पाएं।’
इंस्टाग्राम पर ममता कुलकर्णी ने जारी किया वीडियो
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ममता कुलकर्णी ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि मैं महामंडलेश्वर यामाई ममता नंद गिरि अपनी पोस्ट से इस्तीफा दे रही हूं। आज किन्नर अखाड़े में मुझे लेकर समस्याएं हो रही हैं। मैं 25 साल से एक साध्वी थी और हमेशा साध्वी रहूंगी। मुझे महामंडलेश्वर का सम्मान दिया गया था। लेकिन ये कुछ लोगों के लिए आपत्तिजनक हो गया था। चाहें वो शंकराचार्य हों या कोई और हों। मैंने तो बॉलीवुड को 25 साल पहले ही छोड़ दिया था।
‘मुझे कैलाश पर्वत पर जाने की जरूरत नहीं’
ममता कुलकर्णी ने आगे कहा कि मुझे कैलाश पर्वत या गंगा मानसरोवर में जाने की जरूरत नहीं है. सारा ब्रह्मांड मेरे सामने है. मैंने 25 सालों से बहुत तपस्या की है. आज मेरे महामंडलेश्वर के होने से जिनको आपत्ति हो गई है. मैं उनके बारे में कम बोलूं तो सही रहेगा. इनको ब्रह्म विद्या और दूसरी चीजों का पता ही नहीं है. मैं उनके बारे में कुछ बोलना ही नहीं चाहती। (Kinnar Akhara)



