Google Analytics —— Meta Pixel

Bijapur Naxal Encounter : नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए नरेश कुमार ध्रुव को नम आंखों से अंतिम विदाई

बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़: नक्सली मुठभेड़ (Bijapur Naxal Encounter) में शहीद हुए प्रधान आरक्षक नरेश कुमार ध्रुव को उनके गृह ग्राम गुर्रा में नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान समूचा क्षेत्र शोकाकुल रहा, लेकिन शहीद की शौर्यगाथा ने हर किसी के मन में देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया।

यह भी पढ़े :- Pariksha Pe Charcha 2025 : छत्तीसगढ़ के बच्चों ने पीएम मोदी से पूछे सवाल, मुख्यमंत्री ने साझा किए छात्र जीवन से जुड़े अनुभव

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

बीजापुर जिले के नेशनल पार्क के जंगलों में नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए नरेश कुमार ध्रुव का पार्थिव शरीर बलौदाबाजार लाया गया। सेना के हेलीकॉप्टर से उनका पार्थिव शरीर चक्रपाणि हाईस्कूल मैदान स्थित हेलीपैड पर पहुंचा। यहां राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी विजय अग्रवाल ने कंधा देकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा,

“शहीद नरेश कुमार ध्रुव की कुर्बानी को देश हमेशा याद रखेगा। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश से नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए संकल्पित है।”

शहीद की बेटी का संकल्प ने भावुक किया सभी को

शहीद के पिता महेश ध्रुव ने भरे गले से कहा कि उनका बेटा देश और छत्तीसगढ़ महतारी की रक्षा करते हुए शहीद हुआ, यह उनके लिए गौरव की बात है। सबसे मार्मिक क्षण तब आया जब शहीद की बेटी विभूति ध्रुव ने अपने पिता को अंतिम विदाई देते हुए कहा,
“मैं बड़ी होकर पापा से भी ऊंचे पद पर पहुंचकर देश की सेवा करूंगी। पापा चाहते थे कि मैं उनसे भी बड़ा अधिकारी बनूं, और मैं उनके इस सपने को पूरा करूंगी।”

‘शहीद नरेश ध्रुव अमर रहे’ के नारों से गूंज उठा माहौल

श्रद्धांजलि सभा में भाटापारा विधायक इंद्र साव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर, नगरपालिका अध्यक्ष प्रत्याशी सुरेंद्र जायसवाल, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान ‘शहीद नरेश ध्रुव अमर रहे’ के गगनभेदी नारे गूंज उठे।

गृह ग्राम में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

श्रद्धांजलि सभा के बाद पुलिस पायलटिंग वाहन के जरिए शहीद का पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम गुर्रा के लिए रवाना हुआ। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। हजारों लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। सुरक्षाबलों ने शोक शस्त्र कर अपने साथी जवान को श्रद्धांजलि दी। (Bijapur Naxal Encounter)

देश को गर्व, नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई जारी

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा – “बीजापुर में हुए नक्सली हमले में शहीद जवान को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई है। प्रशासन ने पूरे सम्मान के साथ उन्हें विदा करने की व्यवस्था की थी। (Bijapur Naxal Encounter)

छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलवाद को समाप्त करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि शहीदों के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा।

वीर शहीद को शत्-शत् नमन!

Back to top button
error: Content is protected !!