शिक्षक की भूमिका कुम्हार की तरह है, जो गीली मिट्टी को घड़े का आकार देता है: BJP प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव

Kirandev on Teachers Day: भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णनन के जन्म दिवस के अवसर पर बस्तर जिले के सहयोग से शिक्षा विभाग की ओर से स्थानीय पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हाल में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें BJP प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंहदेव शामिल हुए। समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 24 शिक्षक-शिक्षिकाओं को शॉल-श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और नगद राशि प्रदान कर नवाजा गया। वहीं जिले में इस साल सेवानिवृत्त हुए शिक्षक-शिक्षिकाओं को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक किरणदेव समेत महापौर सफीरा साहू समेत अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विजय दयाराम के., CEO जिला पंचायत प्रकाश सर्वे और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें:- ऐसा काम करें कि आप न बोले, आपका काम बोले : डिप्टी CM विजय शर्मा
विधायक किरणदेव ने शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक की भूमिका कुम्हार की तरह है, जो गीली मिट्टी को घड़े का आकार देता है। इसीलिए गुरुजनों का सम्मान सदैव ही यथावत रहेगा। अपनी इस महत्ती योगदान शिक्षा के दीप को जीवन पर्यन्त प्रज्वलित कर दुनिया में प्रकाशवान बने रहें। उन्होंने बच्चों और देश के भविष्य निर्माण में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन और निष्ठा से करने का आग्रह किया। शिक्षक सम्मान समारोह में महापौर सफीरा साहू ने कहा कि आज का दिन शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए सम्मान का दिन है। अगर विद्यार्थी अपने जीवन में उपलब्धि हासिल करता है तो उसका श्रेय शिक्षकों को जाता है और वे गर्व महसूस करते हैं। (Kirandev on Teachers Day)

इस दौरान भारत स्काउट और गाईड के जिला मुख्य आयुक्त संजय पांडे समेत वरिष्ठ पार्षद योगेंद्र पांडेय ने शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए देश, समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका और उनके नैतिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना 2047 तक विकसित भारत का संकल्प को पूरा करने में शिक्षकों से अनवरत समर्पित रहने की अपेक्षा की। जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शिक्षा के उजियारा फैलाने की दिशा में सेवानिवृति के बाद भी सेवा देने का आग्रह सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं से किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने अनुभव साझा किया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों समेत विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। (Kirandev on Teachers Day)



