Korba trainee doctor assault: कोरबा में ट्रेनी महिला डॉक्टर से होटल में रेप की कोशिश, आरोपी सफाईकर्मी गिरफ्तार
Korba trainee doctor assault: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ होटल में दुष्कर्म की कोशिश की गई है। घटना एसपी ऑफिस के सामने स्थित टॉप इन टाउन होटल की है। आरोपी की पहचान होटल के सफाई कर्मचारी राजा खड़िया (35) के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
रात 2 बजे खिड़की से कमरे में घुसा आरोपी
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब 2 बजे की है। आरोपी खिड़की के रास्ते होटल के रूम नंबर 122 में घुसा, जहां 24 वर्षीय महिला डॉक्टर ठहरी हुई थी। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसे चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
जब महिला डॉक्टर ने शोर मचाया, तो आरोपी वहां से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही होटल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
सक्ती जिले से आई थी ट्रेनिंग के लिए
पीड़िता सक्ती जिले की रहने वाली है और 15 दिन की ट्रेनिंग के लिए कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज आई थी। वह 10 जुलाई से उक्त होटल में रह रही थी। उसके साथ तीन और डॉक्टर भी ट्रेनिंग पर आए थे, जिनमें से दो महिला डॉक्टर पहले ही वापस लौट चुकी थीं।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू की। होटल के सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी की पहचान की गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़ लिया। मामले की जांच जारी है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी होटल पहुंच गए। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें :- Sinkhole in Chhattisgarh: तालाब का पानी सुरंग में समाया, कोटा ब्लॉक के बरद्वार गांव में सिंकहोल से फैली दहशत



