कोरबा में तांत्रिक का खौफनाक खेल, गला घोंटकर तीन लोगों की हत्या, करोड़ों के लालच में रचा गया पूरा षड्यंत्र

Korba Triple Murder Case: कोरबा के बरबसपुर क्षेत्र में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक अशरफ मेमन, सुरेश साहू और नीतीश कुमार की हत्या रस्सी से गला घोंटकर की गई थी। तीनों के शव स्क्रैप कारोबारी अशरफ के कबाड़ यार्ड से बरामद हुए थे। पुलिस ने शुरुआती जांच में तंत्र-मंत्र के दौरान मौत होने की आशंका जताई थी, लेकिन घटनास्थल और PM रिपोर्ट ने पूरे मामले को हत्या की ओर मोड़ दिया।
यह भी पढ़ें:- लव मैरिज से नाराज ससुर ने की थी नवविवाहिता की हत्या, कीटनाशक पिलाकर गला दबाया, फिर सेप्टिक टैंक में छिपाया शव
पुलिस के अनुसार अशरफ की जेब से सिगरेट का पैकेट, नीतीश के मुंह से नींबू और सुरेश की जेब से भी नींबू मिला है। इसके साथ ही नीतीश कुमार के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। जांच में सामने आया है कि पूरा हत्याकांड तंत्र-मंत्र के जरिए 5 लाख को 2.5 करोड़ में बदलने के लालच में रचा गया। बिलासपुर का तांत्रिक आशीष दास अपने 3 साथियों के साथ कोरबा पहुंचा था। उसके साथ आए अश्विनी कुर्रे ने पुलिस को बताया कि 5 लाख बैगा को देने थे, बाकी रकम हम सबमें बराबर बांटी जानी थी। (Korba Triple Murder Case)
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का के मुताबिक 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास अभी फरार है। पूछताछ में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई गई है। अशरफ के परिवार ने बड़े षड्यंत्र की आशंका जताई है। जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार बिलासपुर से तांत्रिक और उसके तीन साथी बुधवार शाम 4 बजे कोरबा पहुंचे। रात में अशरफ के स्क्रैप यार्ड में तंत्र-क्रिया शुरू की गई। तांत्रिक आशीष ने तीनों को अलग-अलग कमरे में बुलाकर नींबू दिया, रस्सी से घेरा बनाया और अंदर बंद कर दिया। करीब 30-60 मिनट बाद जब कमरा खोला गया तो तीनों मृत पाए गए। अश्विनी कुर्रे ने बताया कि आशीष ने कमरे में तंत्र-विद्या की प्रक्रिया की, जिसके दौरान ही यह घटना हुई।

मृतकों की पहचान
- अशरफ मेमन, निवासी- कोरबा
- सुरेश साहू, निवासी- तुलसी नगर
- नीतीश कुमार, निवासी- बलौदाबाजार
सुरेश साहू की पत्नी गुड़िया देवी ने बताया कि बिलासपुर का रहने वाला संजय साहू पिछले 5 दिन से पैसों के लिए दबाव बना रहा था। घटना वाले दिन रात 12 बजे घर लेकर गया। 3 बजे आखिरी बार बात हुई, उसके बाद फोन बंद हो गया। वहीं अशरफ के परिजनों का कहना है कि वह तेज दिमाग वाला और अनुभवी कारोबारी था। 5 लाख देकर 2.5 करोड़ की तंत्र-मंत्र प्रक्रिया पर वह आसानी से विश्वास नहीं कर सकता था। संभव है उसके साथ किसी बड़े षड्यंत्र के तहत यह सब रचा गया हो। (Korba Triple Murder Case)
कौन था अशरफ मेमन ?
अशरफ कोरबा के बड़े स्क्रैप व्यापारियों में से एक था। करीब 40 छोटे-बड़े कबाड़ी दुकानदार उससे जुड़े थे। व्यापार कई जिलों तक फैला था। हालांकि कई बड़े कारोबारियों से विवाद भी था। उस पर जुआ एक्ट, मारपीट, बलवा, हत्या प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे मामले भी दर्ज थे। शहर में दुश्मनों की संख्या भी कम नहीं थी। उसके तीन बेटे हैं, जिसमें शाहिद (27), अदनान (24) और अरमान (21) शामिल हैं। शाहिद की शादी हो चुकी है। मामले में कई पहलू सामने आ रहे हैं, जिसमें तंत्र-मंत्र का झांसा, पैसों का लालच, कारोबारी विवाद और रिश्तों की दुश्मनी शामिल हैं। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष की तलाश जारी है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद कई और परतें खुलने की उम्मीद है।



