रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया स्वागत

Amit Shah Arrived Raipur: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर पहुंचे, जिनका मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इसे लेकर CM साय ने ट्वीट कर लिखा- “स्वागतम् ते महायोगिन्, स्वागतम् ते महात्मनः। यत्र यत्र रघुनाथो, तत्र तत्र शुभं भवेत्॥” माता कौशल्या की पावन भूमि, प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ की इस पुण्य धरा पर केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह का हार्दिक अभिनंदन। बस्तर की धरती जहां कभी संघर्ष और अशांति की गूंज थी, आज वही बस्तर “ओलंपिक” के रूप में उत्साह, उमंग और लोक-सांस्कृतिक गौरव का अनुपम प्रतीक बन चुका है। इस ऐतिहासिक समापन समारोह में पूरा बस्तर आपके प्रेरणादायी मार्गदर्शन और उद्बोधन के लिए उत्सुकता से प्रतीक्षारत है।
यह भी पढ़ें:- कोरबा में तांत्रिक का खौफनाक खेल, गला घोंटकर तीन लोगों की हत्या, करोड़ों के लालच में रचा गया पूरा षड्यंत्र
बता दें कि शाह कल जगदलपुर जाएंगे, जहां वे बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होंगे। साथ ही बीजेपी नेताओं के साथ अहम बैठक भी करेंगे। 13 दिसंबर को अमित शाह का व्यस्त कार्यक्रम तय है। दोपहर 11 बजे से 1 बजे तक वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि यह बैठक आगामी राजनीतिक रणनीतियों और संगठनात्मक तैयारियों पर केंद्रित होगी। बैठक के बाद शाह दोपहर 1:50 बजे माना एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री बस्तर में खिलाड़ियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे शाम 4:55 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। शाह का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे प्रदेश भाजपा के मिशन 2028 और जनसंपर्क रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले एक महीने में यह शाह का तीसरा दौरा है। इससे पहले वे राज्योत्सव और डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने पहुंचे थे। हर दौरे के दौरान वे नक्सल उन्मूलन की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों से फीडबैक ले रहे हैं। (Amit Shah Arrived Raipur)




