379 दिन बाद रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा हुए पूर्व मंत्री कवासी लखमा, CM साय और बीजेपी नेताओं का जताया आभार

Lakhma Released From Jail: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा 379 दिन बाद रायपुर सेंट्रल जेल से बाहर आ गए। सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद जैसे ही लखमा जेल से बाहर निकले, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। जेल परिसर में नारेबाजी और समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।जेल से बाहर आते ही कवासी लखमा ने कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन से गले मिलकर अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनके साथ बेटे हरीश लखमा, विधायक विक्रम मंडावी, सावित्री मंडावी, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन, प्रमोद दुबे और संतराम नेताम मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:- कमलेश चंद्राकर को मिली नई जिम्मेदारी, शुभचिंतकों में खुशी की लहर
कवासी लखमा के जेल से बाहर निकलने के बाद समर्थकों की भारी भीड़ सड़कों पर उतर आई, जिससे जेल रोड पर लंबा जाम लग गया। हालात ऐसे बने कि जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई। बाद में पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। इसके बाद लखमा गाड़ी में सवार होकर अपने आवास के लिए रवाना हुए। जेल से रिहा होने के बाद मीडिया से बातचीत में कवासी लखमा ने कहा कि मैं सबसे पहले देश की न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट को बधाई देता हूं। मैं एक गरीब आदिवासी हूं, बस्तर की आवाज हूं और हमेशा बस्तर के जल-जंगल-जमीन के मुद्दे उठाता रहा हूं। (Lakhma Released From Jail)

उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था पर मेरा भरोसा और मजबूत हुआ है। पूरी उम्मीद है कि आने वाले समय में दूध का दूध और पानी का पानी होगा। उन्होंने आगे कहा कि जेल में रहते हुए उन्होंने देखा कि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने टीवी और अखबारों में खुले तौर पर उनके समर्थन में बयान दिया। आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी सबके सामने मेरा समर्थन किया। इसके लिए मैं उनका दिल से धन्यवाद करता हूं। मैं जब तक रहूंगा, बस्तर के जल-जंगल-जमीन की लड़ाई लड़ता रहूंगा।
पत्नी बुधरी का छलका दर्द
कवासी लखमा की पत्नी बुधरी ने बातचीत में भावुक होते हुए कहा कि पति की रिहाई कब होगी, यही सोच-सोचकर मैं दुबली-पतली हो गई। खाना-पीना भी कम हो गया था। आज बहुत अच्छा लग रहा है, जैसे जिंदगी फिर से मिल गई हो। कवासी लखमा ने कहा कि एक साल 20 दिन बाद जेल से बाहर आने का मौका मिला है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, चरणदास महंत, टीएस सिंहदेव समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया।

जमानत की ये हैं शर्तें
उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही डॉ. रमन सिंह से मुलाकात करेंगे और उनसे आग्रह करेंगे कि उन्हें विधानसभा में अपनी बात रखने का मौका दिया जाए, ताकि वे आदिवासियों और उनके अधिकारों की आवाज मजबूती से उठा सकें। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने ED और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) से जुड़े मामलों में कवासी लखमा को अंतरिम जमानत दी है। जमानत की शर्तों के तहत कवासी लखमा को छत्तीसगढ़ से बाहर रहना होगा। कोर्ट में पेशी के दौरान ही वे राज्य में प्रवेश कर सकेंगे। उन्हें अपना पासपोर्ट जमा करना होगा। वर्तमान पता और मोबाइल नंबर संबंधित पुलिस थाने में दर्ज कराना अनिवार्य होगा। ED ने कवासी लखमा को 15 जनवरी 2025 को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें 7 दिन की रिमांड पर रखा गया। फिर 21 जनवरी से 4 फरवरी तक न्यायिक रिमांड में भेजा गया। इसके बाद से वे रायपुर सेंट्रल जेल में बंद थे।




