Lakhpati Didi Yojana: क्या है लखपति दीदी योजना, जिनकी संख्या 3 करोड़ पहुंचाने का लक्ष्य बजट में किया गया तय, समझें पूरी बात

Lakhpati Didi Yojana: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2024 को केंद्र का अंतरिम बजट संसद में पेश कर दिया. बजट भाषण के दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं कीं. उन्होंने इस दौरान लखपति दीदी योजना का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा कि अब तक एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बना दिया गया है. साथ ही कहा कि अब 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया गया है. बता दें कि पहले 2 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लख्य तय किया गया था, जिसे अब बढ़ा दिया गया है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि लखपति दीदी योजना क्या है? लखपति दीदी किन महिलाओं को कहा जाता है? इस योजना का फायदा कैसे लिया जा सकता है?
यह भी पढ़े :- टेकलगुड़ेम में शहीद जवानों के परिजनों को मिलेगी 10-10 लाख की आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री साय ने की घोषणा
सरकार ने लखपति दीदी योजना (Lakhpati Didi Yojana) के जरिये स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक तौर पर मजबूत बनाने की पहल की. इसके तहत सरकार पात्र महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 1-5 लाख रुपये तक की ब्याजमुक्त आर्थिक सहायता करती है. सरकार का मकसद इस योजना के जरिये महिलाओं को रोजगार से जोड़ना, उनके जीवनस्तर को बेहतर बनाना, आमदनी में बढ़ोतरी करना, आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना है. दूसरे शब्दों में कहें तो सरकार ने आर्थिक रूप से वंचित महिलाओं को आगे लाने के लिए लखपति दीदी योजना शुरू की थी.
महिलाओं की आर्थिक स्थिति हो रही है बेहतर
लखपति दीदी योजना (Lakhpati Didi Yojana) की मदद से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपना उद्योग शुरू करके ना सिर्फ अपनी बल्कि दूसरी महिलाओं की आर्थिक स्थिति में भी सुधार ला रही हैं. देश में इस समय करीब 83,00,000 स्वयं सहायता समूह हैं. इनसे 9 करोड़ से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हैं. सरकार ने इन्हीं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए लखपति दीदी योजना शुरू की थी. सरकार का दावा है कि योजना के जरिये अब तक 1 करोड़ महिलाओं को फायदा मिल चुका है.
किसे कहा जाता है लखपति दीदी
लखपति दीदी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी उन महिलाओं को कहा जाता है, जिनकी प्रति परिवार सालाना आमदनी 1 लाख रुपये या इससे ज्यादा पर पहुंच गई है. ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना है. उन्होंने देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से इस योजना का ऐलान किया था. सरकार योजना के तहत महिलाओं को कई सहूलियतें देती है. इनमें वित्तीय और कौशल प्रशिक्षण भी दिया जाता है. प्रशिक्षित महिलाएं अपनी आय बढ़ाकर लखपति बन रही हैं. योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को एलईडी बल्ब बनाने से लेकर प्लंबिंग, ड्रोन रिपेयरिंग जैसे तकनीकी काम सिखाए जाते हैं. इससे उन्हें अपनी आमदनी बढ़ाने में पूरी मदद मिलती है.



