Google Analytics —— Meta Pixel

दंतेवाड़ा-बीजापुर में आकाशीय बिजली का कहर, 2 महिलाओं की मौत, 11 घायल, अगले 5 दिनों तक आंधी और बारिश का अलर्ट

Lightning Strik in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इस बीच अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज आंधी, बिजली गिरने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम के इस बदले तेवर का असर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में देखने को मिल रहा है, जहां आकाशीय बिजली गिरने, तेज अंधड़ और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। दंतेवाड़ा जिले के चंदेनार क्षेत्र में मंगलवार शाम आयोजित जात्रा के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। 

यह भी पढ़ें:- रेस्टोरेंट में आग का तांडव, 21 की जिंदा जलकर मौत

बिजली की चपेट में आने से 12 ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई। जबकि 11 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। वहीं बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड के पेरमपल्ली गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से 50 साल की महिला कलमू मल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला घर के बाहर काम कर रही थी, तभी अचानक बिजली गिरने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए आवापल्ली अस्पताल भेजा गया। बीजापुर के उसूर क्षेत्र में तेज अंधड़ और तूफान ने भी भारी नुकसान पहुंचाया है। थानापारा इलाके में तेज हवाओं ने करीब पांच मकानों की छतों के शीट उड़ा दिए, जिससे कई परिवारों के आशियाने क्षतिग्रस्त हो गए। प्रभावित परिवार फिलहाल तिरपाल लगाकर रहने को मजबूर हैं। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।

कोरबा में अंधड़ से नुकसान

इधर, कोरबा में मंगलवार शाम तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक और बारिश का असर देखने को मिला। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर बैनर-पोस्टर उड़ गए, जबकि पेड़ों की शाखाएं और कई स्थानों पर पेड़ सड़कों पर गिर पड़े, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे हालात बने रह सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय तीन अलग-अलग मौसम प्रणालियों के कारण यह स्थिति बनी हुई है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा एक ट्रफ लाइन छत्तीसगढ़ से तमिलनाडु तक और दूसरी पाकिस्तान से राजस्थान, छत्तीसगढ़ होते हुए पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। इन सिस्टम के कारण लगातार नमी मिल रही है, जिससे प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ गई हैं। (Lightning Strik in Chhattisgarh)

तापमान में विशेष बदलाव नहीं

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बालोद में 40.6 डिग्री, रायपुर में 40 डिग्री, बिलासपुर में 40.3 डिग्री, सक्ती में 39.1 डिग्री, जगदलपुर में 35.6 डिग्री और अंबिकापुर में 35.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं सुकमा जिले में 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में भी आज बादल छाए रहने, गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि दोपहर में गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन शाम होते-होते मौसम अचानक बदल सकता है। (Lightning Strik in Chhattisgarh)

किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विशेषज्ञों ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कटाई के बाद खुले में रखी फसलों और कृषि उपज को सुरक्षित रखने, तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, होर्डिंग्स और बिजली लाइनों से दूरी बनाए रखने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में न रुकने की अपील की गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल राहत के साथ चुनौती भी लेकर आया है। एक ओर भीषण गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, तो दूसरी ओर आकाशीय बिजली, तेज आंधी और अंधड़ जान-माल के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान सुरक्षित जगहों पर रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।

Back to top button
error: Content is protected !!