सरगुजा में लव जिहाद…!, हिंदू बनकर आदिवासी युवती को फंसाया, फर्जी फेसबुक ID बनाकर बनाया शिकार

Love Jihad in Surguja: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से लव जिहाद का मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम युवक ने खुद को हिंदू बताकर आदिवासी युवती को फंसाया। आरोपी पर फर्जी फेसबुक ID बनाने, युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने, शारीरिक शोषण करने और पैसों की ठगी करने का आरोप लगा है। आरोपी की पहचान बिहार के पटना के रहने वाले मोहम्मद महफूज के रूप में हुई है, जिसे गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सरगुजा संभाग की तीन हिंदू और आदिवासी युवतियों को झांसे में लिया है।
यह भी पढ़ें:- सुशासन से समृद्धि की ओर छत्तीसगढ़
आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से खुद को हिंदू युवक बताकर युवतियों से दोस्ती करता था। इसके बाद शादी और सरकारी नौकरी का लालच देकर उन्हें फंसाता था। जानकारी के मुताबिक मोहम्मद महफूज ने फेसबुक पर ‘तरुण पैकरा’ और ‘स्वराज पैकरा कंवर’ नाम से फर्जी ID बनाई थी। पैकरा सरनेम को टारगेट करते हुए वह खास तौर पर आदिवासी और हिंदू युवतियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। इस फर्जी पहचान के जरिए उसने अंबिकापुर की दो युवतियों और जशपुर जिले के कांसाबेल की एक आदिवासी युवती को अपने जाल में फंसाया। (Love Jihad in Surguja)
होटल में ठहराया, फिर खुला राज
आरोपी खुद को बिलासपुर रेलवे में पदस्थ अधिकारी बताता था, जबकि हकीकत में वह पटना में एक कपड़े की दुकान में काम करता है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अंबिकापुर पहुंचा और कांसाबेल क्षेत्र की युवती को फोन कर मिलने बुलाया। उसने अंबिकापुर के एक होटल में कमरा बुक किया और वहां ‘स्वराज पैकरा’ नाम से फर्जी ID जमा कराई। दोनों करीब दो दिन तक होटल में साथ रहे। इसी दौरान युवती को आरोपी की गतिविधियों पर शक हुआ। जब युवती ने उसका मोबाइल चेक किया तो पता चला कि आरोपी कई अन्य हिंदू लड़कियों को भी मैसेज भेज रहा था। इसके बाद जब आरोपी होटल से बाहर गया तो युवती ने उसका बैग चेक किया। बैग में रखे असली आधार कार्ड ने पूरी सच्चाई उजागर कर दी। (Love Jihad in Surguja)

आधार कार्ड में युवक का नाम मोहम्मद महफूज और धर्म अलग दर्ज था, जिसे देखकर युवती स्तब्ध रह गई। सच्चाई सामने आने के बाद युवती ने अपनी सहेलियों को बुलाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी पहचान, शारीरिक शोषण और IT एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के जब्त किए गए आरोपी के मोबाइल की जांच में और भी चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अंबिकापुर की दो अन्य युवतियों को भी इसी तरह झांसे में लिया था। एक युवती माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है, जिससे 54 हजार रुपए की ठगी की गई। आरोपी आधार कार्ड में नाम, जाति और धर्म बदलकर खुद को हिंदू बताता था।
हिंदू संगठनों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
मामले की जानकारी फैलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता गांधीनगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने इसे सुनियोजित लव जिहाद करार देते हुए प्रशासन से कठोर कदम उठाने की अपील की। इस मामले में अंबिकापुर सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि आरोपी युवक सोशल मीडिया के जरिए खुद को हिंदू और रेलवे अधिकारी बताकर युवतियों को झांसा देता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स और संपर्क में आई अन्य लड़कियों की जानकारी खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इससे पहले भी अन्य जिलों या राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है। पुलिस अब आरोपी के सोशल मीडिया नेटवर्क, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की भी जांच कर रही है।



