अफेयर खत्म करने का खूनी प्लान, प्रेमी को मिलने जंगल में बुलाया, फिर पति के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से कर दिया कत्ल

Lover Murder in Balrampur: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध संबंध खत्म करने को लेकर हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा महिला ने अपने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी। आरोप है कि महिला ने पहले युवक को मिलने के लिए बुलाया और जंगल के पास पहुंचने पर पति के साथ मिलकर उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हत्या के बाद पहचान और सबूत मिटाने के लिए सिर और धड़ को अलग-अलग जगहों पर गड्ढे में छिपा दिया गया। मामला पस्ता थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस मामले में कोटडीह के सोनू खैरवार (30) और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार (25) को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान कोदौरा गांव के वसीम अंसारी (35) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें:- बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक का मामला, लव प्रपोजल ठुकराने पर दोस्त से करवाया हमला, आरोपी ने कहा- चेहरा जला देना
पुलिस के मुताबिक वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे एक्टिवा से घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे उसकी एक्टिवा मक्का बाड़ी के पास मिली, लेकिन वसीम का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 3 अक्टूबर को वसीम के भाई अमीम अंसारी ने डौरा चौकी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और वसीम की तलाश में संभावित जगहों पर जांच की। जांच के दौरान पुलिस को चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में कटा हुआ सिर दफन होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और सिर को बाहर निकालकर मृतक के परिजनों को पहचान के लिए बुलाया।
पति-पत्नी पर पुलिस को हुआ शक
वसीम के भाई ने सिर की पहचान अपने भाई के रूप में की। हालांकि उस समय शव का धड़ वहां नहीं मिला था। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से आगे बढ़ाते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कोटडीह के सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक मनबासो का शादी से पहले वसीम के साथ प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। इस बात की जानकारी मनबासो के पति सोनू को थी, जिसके चलते दंपती के बीच विवाद भी होता था। (Lover Murder in Balrampur)
फोन कर जंगल में बुलाया, फिर कुल्हाड़ी से हमला
पुलिस का दावा है कि मनबासो इस संबंध को खत्म करना चाहती थी, जबकि वसीम संबंध बनाए रखने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद के चलते पति-पत्नी ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने फोन कर वसीम को जंगल के पास मिलने के लिए बुलाया। वसीम के वहां पहुंचने के बाद मनबासो और सोनू ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वसीम की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने और पहचान छिपाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार शव के सिर और धड़ को अलग-अलग जगहों पर ले जाकर गड्ढों में छिपाया गया। (Lover Murder in Balrampur)
घटनास्थल से 200 मीटर दूर मिला धड़
जांच के दौरान पुलिस को 5 अक्टूबर को वसीम का कटा हुआ सिर झाड़ियों के पास एक गड्ढे में दफन मिला था। इसके बाद तलाश जारी रखने पर घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक अन्य गड्ढे से वसीम का धड़ भी बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों स्थानों से साक्ष्य जुटाए हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी नमूने और सबूत एकत्र किए हैं। एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी के मुताबिक हत्या के आरोपी सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में हत्या के पीछे की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट के बाद हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस की जांच में प्रेम संबंध, विवाद और अफेयर खत्म करने की कोशिश को हत्या की वजह माना जा रहा है।




