बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक का मामला, लव प्रपोजल ठुकराने पर दोस्त से करवाया हमला, आरोपी ने कहा- चेहरा जला देना

Balod Acid Attack Case: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 22 साल की छात्रा पर एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा के लव प्रपोजल ठुकराने से नाराज युवक ने अपने बचपन के दोस्त से उस पर एसिड अटैक करवाने की साजिश रची थी। आरोपी और पीड़िता पहले एक ही कोचिंग में पढ़ चुके हैं। हमले में छात्रा के चेहरे, आंख के आसपास और शरीर के दाहिने हिस्से पर गंभीर चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर उसे बालोद जिला अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया है। घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में प्रशासनिक फेरबदल, नगर निगम और पुलिस विभाग में बदली जिम्मेदारियां, 11 निगमकर्मी समेत 27 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर
छात्रा आमापारा की लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी के पास आरोपी युवक पीछे से आया और छात्रा के चेहरे पर एसिड फेंककर फरार हो गया। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक छात्रा का चेहरा, आंख के आसपास का हिस्सा और शरीर का दाहिना भाग बुरी तरह झुलस गया है। घटनास्थल से पुलिस को जले हुए कपड़े भी मिले हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में आरोपी युवक वारदात के बाद भागता हुआ नजर आया।
लव प्रपोजल ठुकराने से नाराज था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी छात्रा के साथ पहले कोचिंग में पढ़ चुका है। उसने छात्रा के सामने प्रेम का प्रस्ताव रखा था, लेकिन छात्रा ने इसे ठुकरा दिया। इसके बाद आरोपी उससे नाराज था और उसने छात्रा पर हमला करवाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने अपने बचपन के दोस्त को भैरमगढ़, बीजापुर से बालोद बुलाया था। दोस्त अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बालोद पहुंचा था। पुलिस का कहना है कि वारदात से पहले मुख्य आरोपी ने कमरौद में अपनी गर्लफ्रेंड की मांग भरकर उससे शादी भी की थी। शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने अपने दोस्त को एसिड की बोतल दी थी। उसने छात्रा के बारे में कहा था कि उसे अपनी सुंदरता पर गुमान है, इसलिए उसका चेहरा इस तरह जला देना कि वह देखने लायक न बचे। इसके बाद आरोपी दोस्त को छात्रा की रेकी करने के लिए भेजा गया। (Balod Acid Attack Case)
किराए के मकान से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
छात्रा के लाइब्रेरी से निकलने और घर जाने के रास्ते की जानकारी जुटाने के बाद उसने मौका पाकर पीछे से एसिड फेंका और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मुख्य आरोपी को बालोद शहर के आमापारा स्थित उसके किराए के मकान से गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी बालोद थाना क्षेत्र के नेवारीखुर्द गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। उसके पिता मानपुर-मोहला जिले में पुलिसकर्मी के पद पर पदस्थ हैं। वहीं वारदात को अंजाम देने वाला उसका दोस्त घटना के बाद बालोद से बाहर निकल गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और कोंडागांव में नाकाबंदी कर उसे पकड़ लिया। कोंडागांव पुलिस के मुताबिक नारायणपुर चौकी के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान महिंद्रा बस से दो संदिग्धों को पकड़ा गया। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बालोद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार मामले में एक युवती की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है छात्रा
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पूरी साजिश में कौन-कौन शामिल था और वारदात से पहले आरोपियों ने छात्रा की कितने समय तक रेकी की थी। घायल छात्रा ने MA की पढ़ाई पूरी कर ली है और फिलहाल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह बालोद में पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है। एसिड अटैक के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा रायपुर अस्पताल पहुंचीं और घायल छात्रा से मुलाकात कर उसका हाल जाना। उन्होंने परिवार से भी घटना की जानकारी ली। वहीं गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने घटना को बेहद पीड़ादायक और चिंताजनक बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीड़िता को बेहतर इलाज और हरसंभव सहायता मिलनी चाहिए तथा आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि बहुत ही निंदनीय घटना है। छत्तीसगढ़ में ऐसी घटना होती नहीं है। कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। (Balod Acid Attack Case)
बेटियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
बालोद की इस घटना ने महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। खासकर प्रेम प्रस्ताव ठुकराने के बाद छात्रा को निशाना बनाए जाने की बात सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद एसिड अटैक की पूरी साजिश और घटना के पीछे की वजहों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल दोनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और ठुकराए गए प्रेम प्रस्ताव के बाद बढ़ती हिंसक मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच से साफ होगा कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था और आरोपियों को कितनी कड़ी सजा मिलती है। ये घटना सिर्फ एक एसिड अटैक नहीं, बल्कि उस पुरुष सत्तात्मक सोच पर भी सवाल है, जहां एक लड़की का ‘ना’ स्वीकार करने के बजाय उसे सजा देने की मानसिकता सामने आती है। किसी महिला की पसंद, उसकी आजादी और उसका फैसला किसी के अहंकार से बड़ा है। जरूरत सिर्फ आरोपियों को सजा दिलाने की नहीं, बल्कि उस सोच को बदलने की भी है, जो ‘ना’ को स्वीकार करना नहीं सीख पाती।



