ई-केवाईसी नहीं कराया तो महंगा पड़ेगा LPG सिलेंडर, बंद हो सकती है LPG सिलेंडर की डिलीवरी, 23 अगस्त तक आखिरी मौका

LPG Cylinder E KYC: छत्तीसगढ़ समेत देश के कई राज्यों में एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी को लेकर जरूरी खबर है। घरेलू गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी सत्यापन कराने की अंतिम तारीख अब 23 अगस्त 2026 कर दी गई है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने तारीख बढ़ाते हुए इसे अंतिम मोहलत बताया है। यानी जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी नहीं कराया है, उन्हें 23 अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद बिना सत्यापन वाले कनेक्शनों पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्रभावित हो सकती है। छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में एलपीजी उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी अब भी बाकी है।
यह भी पढ़ें:- ट्रंप ने की भारत की चुनाव व्यवस्था की तारीफ, अमेरिका में फोटो ID और नागरिकता प्रमाण वाले कानून की पैरवी
जानकारी के मुताबिक राज्यभर में 6 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं ने अभी तक एलपीजी सत्यापन नहीं कराया है। राजधानी रायपुर में भी करीब 7 लाख एलपीजी ग्राहकों में 50 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी लंबित बताया जा रहा है। गैस एजेंसियों की ओर से ऐसे ग्राहकों को एसएमएस के जरिए भी ई-केवाईसी पूरा करने की जानकारी दी जा रही है। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को आने वाले समय में गैस सिलेंडर की डिलीवरी में परेशानी हो सकती है। इसके साथ ही ऐसे उपभोक्ताओं की एलपीजी सब्सिडी पहले से बंद बताई जा रही है। गैस एजेंसियों के मुताबिक सत्यापन नहीं कराने पर घरेलू गैस कनेक्शन पर मिलने वाली सुविधाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। (LPG Cylinder E KYC)

बीपीसीएल डिस्ट्रीब्यूटर संघ के मुताबिक केंद्र सरकार ने ई-केवाईसी के लिए 23 अगस्त तक का समय दिया है। पहले इसकी अंतिम तारीख 15 अगस्त निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 23 अगस्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके बाद तारीख बढ़ने की संभावना नहीं है और जिन उपभोक्ताओं का सत्यापन नहीं होगा, उन्हें सिलेंडर की डिलीवरी और सब्सिडी दोनों में परेशानी हो सकती है। ई-केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी में जाकर आधार कार्ड और गैस कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज के जरिए सत्यापन करा सकते हैं। एजेंसी संचालकों के मुताबिक पूरी प्रक्रिया में आमतौर पर पांच मिनट से भी कम समय लग सकता है। इसके लिए उपभोक्ता को अपने साथ आधार कार्ड और गैस कनेक्शन से संबंधित जानकारी रखनी होगी। एजेंसी पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ई-केवाईसी अपडेट किया जा सकेगा।
घर बैठे भी कर सकते हैं ई-केवाईसी
जिन उपभोक्ताओं के लिए गैस एजेंसी जाना संभव नहीं है, वे घर बैठे भी ऑनलाइन ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को अपने एलपीजी कनेक्शन वाली कंपनी का आधिकारिक मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा। अगर कनेक्शन इंडेन, एचपीसीएल या बीपीसीएल का है तो संबंधित कंपनी का आधिकारिक एप मोबाइल के ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एप इंस्टॉल करने के बाद लॉगिन और सत्यापन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद एप में उपलब्ध ई-केवाईसी विकल्प को चुनकर दिए गए निर्देशों के अनुसार डिजिटल सत्यापन पूरा किया जा सकता है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि ई-केवाईसी नहीं कराने पर घरेलू कनेक्शन से जुड़ी सुविधाएं प्रभावित हो सकती हैं और उपभोक्ताओं को घरेलू सिलेंडर की जगह कमर्शियल दर का बोझ उठाना पड़ सकता है। रायपुर में फिलहाल घरेलू सिलेंडर की कीमत 1014 रुपये, जबकि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत करीब 2965 रुपये बताई जा रही है। यानी दोनों के बीच करीब 1951 रुपये का अंतर है। (LPG Cylinder E KYC)
करीब 70 लाख एलपीजी ग्राहक
गैस एजेंसियों के मुताबिक ई-केवाईसी को लेकर उपभोक्ताओं में जागरूकता की कमी के कारण बड़ी संख्या में लोग अभी तक सत्यापन नहीं करा पाए हैं। यही वजह है कि ई-केवाईसी की समय सीमा पहले भी बढ़ाई जा चुकी है। अब 23 अगस्त की समय सीमा को अंतिम अवसर बताया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडियन ऑयल के लाखों उपभोक्ता हैं। राज्य में कुल एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या करीब 70 लाख बताई जा रही है। इनमें से 6 लाख से अधिक उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी लंबित होना बड़ी संख्या है। ऐसे में गैस कंपनियां लगातार उपभोक्ताओं को संदेश भेजकर जल्द से जल्द सत्यापन कराने की अपील कर रही हैं। उपभोक्ताओं के पास अब 23 अगस्त तक का समय है। इसलिए यदि किसी ग्राहक ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराया है तो वह गैस एजेंसी जाकर या संबंधित कंपनी के आधिकारिक एप के जरिए अपना सत्यापन जल्द पूरा कर सकता है।



