कल छत्तीसगढ़ को सौगात देंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मां महामाया एयरपोर्ट का करेंगे वर्चुअली शुभारंभ

Maa Mahamaya Airport: छत्तीसगढ़ विमानन संचालनालय और सरगुजा जिला प्रशासन की ओर से अंबिकापुर के दरिमा में स्थित मां महामाया एयरपोर्ट के शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियां जोरों-शोरों से जारी है। एयरपोर्ट का लोकार्पण 20 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली करेंगे। इसी कड़ी में सांसद चिंतामणि महाराज, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, कलेक्टर विलास भोसकर और एसपी योगेश पटेल ने एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। साथ ही तैयारियों का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें:- सलीम खान का दावा- सलमान ने नहीं की काले हिरण की हत्या, नहीं मांगेगा माफी…
सांसद चिंतामणि ने एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल का अवलोकन कर कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी ली। उन्होंने जल्द ही सारी तैयारियां पूर्ण करने विभागों को निर्देशित किया। इस दौरान कैलाश मिश्रा और अन्य जनप्रतिनिधि समेत जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण से पहले कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में तैयारियों और विभागीय दायित्वों के संबंध में बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद चिंतामणि ने सभी विभागीय अधिकारियों से उनके दायित्वों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद सरगुजा की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने जा रही है। सरगुजावासियों में अपार उत्साह है। शुभारंभ कार्यक्रम की समस्त तैयारियां चाक-चौबंद रहें। (Maa Mahamaya Airport)

सांसद ने कहा कि बड़ी संख्या में आमजन भी इस ऐतिहासिक पल में शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था, बैठक, लाइव प्रसारण, अतिथियों का स्वागत, साज सज्जा, मंचीय कार्यक्रम से संबंधित सभी अधिकारी एक दिन पहले अपनी तैयारी सुनिश्चित कर लें। बैठक में कलेक्टर भोसकर ने सभी विभागों को उनके दायित्व सौंपने हुए बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने निर्देशित किया। अंबिकापुर से 12 किलोमीटर दूर स्थित मां महामाया एयरपोर्ट को DGCA ने मार्च में लाइसेंस जारी किया था। हालांकि इसके दो दिनों बाद ही लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो गई। एयरपोर्ट का उन्नयन 47 करोड़ की लागत से हुआ है। 364 एकड़ में नए सिरे से 1920 मीटर लंबे एयर स्ट्रिप का निर्माण किया गया है, जिसमें 1800 मीटर रनवे भी शामिल है। (Maa Mahamaya Airport)



