महादेव बेटिंग ऐप मामला: सौरभ चंद्राकर के बाद कारोबारी विकास गर्ग दिल्ली से गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर लाया जा रहा रायपुर
940 करोड़ की अवैध संपत्ति के मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, आज विशेष कोर्ट में होगी पेशी
Mahadev Betting App Case : महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने इस सिंडिकेट से जुड़े प्रमुख कारोबारी विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली की तीस हजारी अदालत से 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को रायपुर लाया जा रहा है, जहां बुधवार को उसे विशेष पीएमएलए (PMLA) कोर्ट में पेश कर ED कस्टोडियल रिमांड की मांग करेगी।
शेल कंपनियों के जरिए ₹940 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
ED की जांच के मुताबिक, ऑनलाइन सट्टेबाजी से होने वाली अवैध कमाई को वैध दिखाने के लिए शेल (फर्जी) कंपनियों और कई स्तरों पर बैंकिंग लेन-देन का सहारा लिया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि इस अपराध से अर्जित करीब 940.77 करोड़ रुपये विकास गर्ग के नियंत्रण वाली कंपनियों में ट्रांसफर किए गए। इन पैसों का इस्तेमाल बाद में विभिन्न कंपनियों के शेयर खरीदने, निवेश करने और अन्य संपत्तियों को जुटाने में किया गया। ED इससे पहले विकास गर्ग से जुड़ी 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क भी कर चुकी है।
मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी कड़ाई
यह कार्रवाई महादेव ऐप के मुख्य संचालक सौरभ चंद्राकर की ओमान में हुई गिरफ्तारी के ठीक बाद हुई है। चंद्राकर पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में प्रवेश करने का आरोप है। उसकी गिरफ्तारी के बाद से जांच एजेंसी ने इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य संदिग्धों पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है। विकास गर्ग से पूछताछ में इस नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन और इसमें शामिल अन्य रसूखदारों के बारे में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। (Mahadev Betting App Case)
₹3,800 करोड़ से अधिक की संपत्ति जांच के दायरे में
ED के अनुसार, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले समेत देश के कई राज्यों में दर्ज प्राथमिकियों (FIR) के आधार पर इस मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया है कि यह सिंडिकेट विदेश से संचालित फ्रेंचाइजी आधारित पैनल नेटवर्क के जरिए हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध कारोबार कर रहा था। एजेंसी अब तक महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज बेटिंग नेटवर्क से जुड़ी करीब 3,800 करोड़ रुपये मूल्य की चल-अचल व विदेशी संपत्तियां कुर्क, जब्त या फ्रीज कर चुकी है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। (Mahadev Betting App Case)



