डिजिटल अरेस्ट का खौफनाक जाल, एक कॉल और मिनटों में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट, साइबर ठगों से ऐसे बचें

Trap of Digital Arrest: डिजिटल इंडिया के दौर में जहां ऑनलाइन सुविधाएं लोगों की जिंदगी आसान बना रही हैं, वहीं साइबर ठग भी पहले से कहीं ज्यादा शातिर हो चुके हैं। आजकल साइबर ठगी का सबसे खतरनाक तरीका डिजिटल अरेस्ट बन चुका है। इसमें ठग खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी, क्राइम ब्रांच या टेलीकॉम विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को वीडियो कॉल पर घंटों या कई दिनों तक मानसिक दबाव में रखते हैं। गिरफ्तारी, मनी लॉन्ड्रिंग, फर्जी सिम, ड्रग्स या अश्लील कंटेंट जैसे मामलों में फंसाने की धमकी देकर बैंक खातों की जानकारी लेते हैं और लाखों रुपये ट्रांसफर करा लेते हैं। पिछले कुछ महीनों में देशभर में डिजिटल अरेस्ट के मामले तेजी से बढ़े हैं। छत्तीसगढ़ में भी ऐसे मामले सामने आने लगे हैं, जिससे साफ है कि अब साइबर ठग छोटे शहरों और गांवों तक अपना नेटवर्क फैला चुके हैं।
यह भी पढ़ें:- डायरिया, पीलिया, मलेरिया, डेंगू समेत मौसमी बीमारियों को लेकर एडवाइजरी जारी, जानिए कैसे करें खुद और अपने परिवार का बचाव
आखिर क्या होता है डिजिटल अरेस्ट ?
डिजिटल अरेस्ट कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। यह पूरी तरह साइबर अपराधियों का रचा गया मनोवैज्ञानिक जाल है। ठग वीडियो कॉल पर नकली पुलिस स्टेशन, फर्जी आईडी कार्ड और अधिकारी का रूप धारण कर पीड़ित को यह विश्वास दिलाते हैं कि उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। फिर उसे किसी से बात न करने, कैमरे के सामने रहने और बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया जाता है। (Trap of Digital Arrest)
ऐसे फंसाते हैं साइबर ठग
- व्हाट्सएप या स्काइप पर वीडियो कॉल करते हैं।
- खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हैं।
- नकली आईडी कार्ड और फर्जी पुलिस बैकग्राउंड दिखाते हैं।
- आधार कार्ड, बैंक खाते या मोबाइल नंबर का हवाला देते हैं।
- गिरफ्तारी वारंट या मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाते हैं।
- किसी से बात नहीं करने का दबाव बनाते हैं।
- लगातार वीडियो कॉल पर रहने को कहते हैं।
- वेरिफिकेशन, सिक्योरिटी डिपॉजिट या जमानत के नाम पर पैसे मांगते हैं।
- RTGS, NEFT, UPI या बैंक ट्रांसफर कराते हैं।
- पैसा मिलते ही सभी नंबर बंद कर देते हैं।
कोरबा में सामने आया ऐसा ही मामला
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. गौतम प्रसाद नेताम को साइबर ठगों ने तीन दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखा। ठगों ने खुद को टेलीकॉम विभाग और क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए डॉक्टर को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी और करीब 40 लाख रुपये RTGS कराने का दबाव बनाया। हालांकि समय रहते डॉक्टर को शक हुआ। उन्होंने अपने दोस्त से संपर्क किया और साइबर सेल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिससे उनकी जमा पूंजी सुरक्षित बच गई। इसी बीच दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल अकाउंट नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में उनके खातों में 5.29 लाख रुपये से अधिक का संदिग्ध लेन-देन मिला। पुलिस का कहना है कि कई साइबर ठगी की रकम ऐसे ही किराए के बैंक खातों के जरिए इधर-उधर की जाती है। (Trap of Digital Arrest)
डिजिटल अरेस्ट से कैसे बचें ?
- याद रखें, भारत में डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं होती।
- कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल पर पैसे जमा करने को नहीं कहती।
- आधार, बैंक खाता, OTP, CVV या पासवर्ड कभी साझा न करें।
- किसी भी धमकी भरे कॉल से घबराएं नहीं।
- कॉल काटें और परिवार या मित्र से तुरंत बात करें।
- संदिग्ध नंबर ब्लॉक करें।
- बैंक खाते या एटीएम कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें।
अगर ठगी हो जाए तो तुरंत करें ये काम
- 1930 साइबर हेल्पलाइन पर तुरंत कॉल करें।
- राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
- बैंक को तुरंत सूचना दें।
- स्क्रीनशॉट, कॉल रिकॉर्डिंग और ट्रांजेक्शन की जानकारी सुरक्षित रखें।
- जितनी जल्दी शिकायत होगी, पैसा बचने की संभावना उतनी ज्यादा होगी।



