डायरिया, पीलिया, मलेरिया, डेंगू समेत मौसमी बीमारियों को लेकर एडवाइजरी जारी, जानिए कैसे करें खुद और अपने परिवार का बचाव

Advisory Regarding Seasonal Diseases: देशभर में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही संक्रामक और मौसमी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव, दूषित पेयजल, गंदगी और मच्छरों का प्रजनन बढ़ने लगा है, जिससे जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। इस स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि अगर लोग समय रहते आवश्यक सावधानियां अपनाएं तो अधिकांश मौसमी बीमारियों से आसानी से बचा जा सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बरसात का मौसम बैक्टीरिया, वायरस और परजीवियों के पनपने के लिए अनुकूल माना जाता है।
यह भी पढ़ें:- मानसून की उमस में बढ़ा संक्रमण का खतरा, खानपान में बरतें सावधानी, सेहत पर रखें विशेष ध्यान
बारिश के दौरान जल स्रोतों के दूषित होने और जगह-जगह पानी जमा होने से संक्रमण फैलने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। यही कारण है कि इस मौसम में डायरिया, उल्टी-दस्त, टाइफाइड, पीलिया, मलेरिया, डेंगू, वायरल फीवर और अन्य संक्रामक रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगती है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए दवाइयों, ओआरएस पैकेट, क्लोरीन टैबलेट, एंटीबायोटिक्स और अन्य जरूरी चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संभावित संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और बीमारी के किसी भी मामले की तत्काल रिपोर्टिंग और नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया है। विभाग का कहना है कि किसी भी क्षेत्र में यदि संक्रामक बीमारी के लक्षण एक साथ ज्यादा लोगों में दिखाई दें तो तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
दूषित पानी सबसे बड़ा खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के मौसम में अधिकांश बीमारियां दूषित पानी के कारण फैलती हैं। इसलिए लोगों को सिर्फ स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल का ही उपयोग करना चाहिए। यदि पानी की गुणवत्ता पर संदेह हो तो उसे कम से कम 15 से 20 मिनट तक उबालकर या क्लोरीन टैबलेट का उपयोग करके ही पीना चाहिए। इसके अलावा घरों में रखी पानी की टंकियों की नियमित सफाई करना, कुओं और हैंडपंपों के आसपास स्वच्छता बनाए रखना तथा जल स्रोतों को गंदगी से बचाना भी जरूरी है। खुले में रखे पानी का उपयोग करने से बचने की सलाह दी गई है। बरसात के मौसम में खाद्य पदार्थ भी जल्दी खराब हो जाते हैं। ऐसे में खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ, कटे हुए फल, बासी भोजन और दूषित खाने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। (Advisory Regarding Seasonal Diseases)

स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि हमेशा ताजा और गर्म भोजन करें। फल और सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही उपयोग करें। भोजन बनाने और खाने से पहले हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं। भोजन को हमेशा ढंककर रखें। सड़क किनारे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचें। विशेषज्ञों का कहना है कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर डायरिया और फूड पॉइजनिंग जैसी बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है। बारिश के दौरान घर और आसपास जमा पानी मच्छरों के प्रजनन का सबसे बड़ा कारण बनता है। मलेरिया और डेंगू फैलाने वाले मच्छर साफ पानी में भी पनपते हैं। इसलिए लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घर और आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। कूलर, पानी की टंकियां, गमले, पुराने टायर, ड्रम, नारियल के खोल, टूटे बर्तन और अन्य पात्रों में जमा पानी को नियमित रूप से खाली करें। अगर कहीं गड्ढों में पानी जमा हो रहा हो तो उसे भरने या पानी की निकासी की व्यवस्था करें।
मलेरिया और डेंगू से ऐसे करें बचाव
- रात में मच्छरदानी का उपयोग करें।
- पूरी बांह के कपड़े पहनें।
- बच्चों को भी पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनाएं।
- मच्छररोधी क्रीम, कॉइल या वेपराइजर का उपयोग करें।
- सुबह और शाम के समय विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि इस दौरान मच्छरों की सक्रियता अधिक रहती है।
इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अगर किसी व्यक्ति में बताए गए लक्षण दिखाई दें तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।
- तेज बुखार
- ठंड लगना और कंपकंपी
- सिरदर्द
- उल्टी या मिचली
- दस्त या लगातार उल्टी
- पेट दर्द
- शरीर में दर्द
- अत्यधिक कमजोरी
- आंखों या शरीर का पीला पड़ना
- लगातार बुखार उतरकर फिर आना
विशेषज्ञों ने बताया है कि बिना चिकित्सकीय सलाह के खुद दवा लेना नुकसानदायक हो सकता है। समय पर जांच और डॉक्टर की सलाह के अनुसार पूरा इलाज कराना बेहद जरूरी है। बरसात के मौसम में छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और पहले से बीमार लोग संक्रमण की चपेट में जल्दी आ सकते हैं। बच्चों में दस्त होने पर शरीर में पानी की कमी तेजी से हो सकती है। ऐसे में ओआरएस घोल और जिंक का उपयोग डॉक्टर की सलाह के अनुसार करना चाहिए और तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
लोगों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, मच्छरों की रोकथाम, हाथ धोने की आदत, समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार के बारे में जानकारी दी जा रही है। सामुदायिक स्तर पर भी साफ-सफाई बनाए रखने और जलभराव रोकने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। साफ-सफाई बनाए रखें, केवल सुरक्षित पेयजल का उपयोग करें, घर और आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं और बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देते ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। विभाग का कहना है कि जनसहयोग, स्वच्छता, जागरूकता और समय पर इलाज ही मानसून के दौरान फैलने वाली संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण का सबसे कारगर उपाय है। (Advisory Regarding Seasonal Diseases)



