पंडित धीरेंद्र शास्त्री को बीजेपी एजेंट बताने पर भड़का संत समाज, महंत राजू दास ने पूर्व CM को बताया रावण

Mahant Raju Das: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कथावाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री को बीजेपी का एजेंट बताए जाने पर संत समाज भड़क गया है। इस बीच अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने भूपेश बघेल को रावण का दूसरा रूप बता दिया है। महंत ने कहा कि भूपेश बघेल कहते हैं कि उनके परिवार में पांच संत हुए हैं, लेकिन रावण भी एक महान संत के बेटे थे। उन्होंने कहा कि रावण विद्वान था, ब्राह्मण था, भगवान शिव का उपासक था, लेकिन उसके कर्म सनातन संस्कृति के विनाश की ओर थे। भूपेश बघेल भी उसी प्रवृत्ति के प्रतीक हैं।
यह भी पढ़ें:- नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, जांजगीर-चांपा में 61 लाख से ज्यादा के नशीले पदार्थों का नष्टीकरण
दरअसल, भिलाई में आयोजित हनुमंत कथा में शामिल होने पहुंचे महंत राजू दास ने मंच से भूपेश बघेल की भाषा, भाव और कार्यशैली को सनातन संस्कृति के विरुद्ध बताया। उन्होंने कहा कि मिशनरियों के धर्मांतरण का धंधा अब बंद हो चुका है, इसलिए कांग्रेस नेताओं को साधु-संत और कथावाचक बीजेपी के एजेंट नजर आ रहे हैं। महंत ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री से इस तरह की ओछी और मर्यादाहीन टिप्पणी की अपेक्षा नहीं की जा सकती, खासकर तब जब वे खुद महात्मा गांधी की विचारधारा का दावा करने वाली पार्टी से आते हों।
लाखों सनातनियों की आस्था का अपमान: महंत
महंत राजू दास ने कहा कि संतों और धार्मिक कथावाचकों पर इस तरह की टिप्पणी सिर्फ साधु-संतों का ही नहीं, बल्कि लाखों सनातनियों की आस्था का सीधा अपमान है। उन्होंने बाबा बागेश्वर धाम और पंडित प्रदीप मिश्रा को बीजेपी का एजेंट बताए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि संतों का कार्य किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि समाज के पीड़ित, दुखी और परेशान लोगों के कल्याण के लिए होता है। क्या किसी के जीवन के कष्ट दूर करना किसी राजनीतिक पार्टी का एजेंडा है ? (Mahant Raju Das)
गांधी की रामराज्य परिकल्पना का हवाला
महंत ने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी ने रामराज्य की परिकल्पना की थी। अगर कांग्रेस वास्तव में गांधी के विचारों को मानती है तो सनातन परंपरा और संतों के खिलाफ इस तरह की बयानबाजी कैसे उचित ठहराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज जिन कारणों से समाप्ति की ओर बढ़ रही है, उनमें ऐसे ही बयान बड़ी वजह हैं। उन्होंने आगे कहा कि देशभर से परेशान लोग बाबा बागेश्वर के दरबार में आते हैं और उनके मन में संतों के प्रति गहरी श्रद्धा होती है। (Mahant Raju Das)

महंत राजू दास ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को ओछी हरकतों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल कहीं न कहीं ईसाई मिशनरियों से प्रेरित दिखाई देते हैं। महंत ने कहा कि पहले ईसाई मिशनरियों की दुकान खूब चलती थी, लेकिन अब धर्मांतरण कम हो रहा है। इसी कारण बाबा बागेश्वर और कथावाचक प्रदीप मिश्रा जैसे संत उन्हें खराब लगते हैं। उन्होंने कहा कि किसी का कल्याण करना किसी एक पार्टी का काम नहीं, बल्कि संत समाज का उद्देश्य होता है। महंत ने कहा कि भूपेश बघेल की भाषा, विचार और कार्यशैली सनातन संस्कृति के विरोध में दिखाई देती है और वे चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ में सिर्फ ईसाई मिशनरियों का प्रभाव रहे, जबकि सनातन परंपरा को जगाने वाले संत यहां न हों।



