महतारी वंदन योजना के लिए ई-KYC हुआ अनिवार्य, पूर्व CM भूपेश बघेल ने उठाए सवाल
Mahatari Vandan Yojana Politics: छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना में बड़ा बदलाव करते हुए 22वीं किश्त जारी करने से पहले हर लाभार्थी महिला का ई-KYC अनिवार्य कर दिया है। आंकड़ों के मुताबिक इस ई-KYC प्रक्रिया के तहत लगभग 69.26 लाख महिलाओं का सत्यापन किया जाएगा, जिन महिलाओं ने आधार लिंक या बायोमेट्रिक जानकारी जमा नहीं की, उनके खातों में योजना की राशि रोक दी जाएगी। पहले चरण में लगभग 4.25 लाख महिलाओं का सत्यापन शुरू किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य अपात्र और फर्जी आवेदकों को बाहर करना है। सबसे ज्यादा समस्याएं महिलाओं को आधार लिंक, गलत नाम स्पेलिंग, बैंक डिटेल्स में मिसमैच के कारण आ रही हैं।
यह भी पढ़ें:- भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला: 14 नवंबर से दिल्ली में बिखरेगी छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की छटा
इसे लेकर सियासत भी गरमाई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि महिलाओं को यह समझना चाहिए कि जैसे पहले राशन कार्ड का सत्यापन होने के बाद राशन कार्ड काटे गए थे, वैसे ही अब महतारी वंदन योजना से भी नाम काटे जाएंगे। यह बीजेपी का काम करने का तरीका है। अगर नाम कटता है तो इसका मतलब महिला अपात्र है। सवाल यह है कि अगर महिला अपात्र थी तो इतने दिनों तक पैसा क्यों दिया गया ? वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का केवाईसी करवाना सरकार की नियत में खोट है। पहले सरकार ने वादा किया था हर महिला मतदाता को योजना का लाभ मिलेगा। फिर सरकारी नौकरी और आयकर की सीमा लागू कर दी गई। अब रोज हितग्राहियों की संख्या कम करने के लिए नए-नए हथकांडे अपनाए जा रहे हैं।
हर महिला को योजना का लाभ देने की मांग: कांग्रेस
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करती है और हर महिला को योजना का लाभ देने की मांग करती है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार अब महतारी वंदन योजना की किश्त की राशि सभी महिलाओं को देना नहीं चाहती है। योजना में हर माह 606 करोड़ रुपए देना पड़ रहा है। इससे सरकार की वित्तीय स्थिति खराब हो गई है। अब योजना कि राशि में कटौती करने योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए नियम शर्ते लागू की जा रही है, ताकि हितग्रहियों का नाम काटा जा सके। अब सवाल ये उठता है कि अचानक 21 महीना बाद महतारी वंदन योजना से जुड़ी 69 लाख 26 हजार महिलाओं की केवाईसी की आवश्यकता क्यों पड़ रही है ? (Mahatari Vandan Yojana Politics)
कांग्रेस ने निकाय चुनाव में किया था वादा: ठाकुर
ठाकुर ने कहा कि जब योजना शुरू हुई तो पहली किश्त लगभग 69 लाख 26 हजार महिलाओं को दिया गया। 21वीं किश्त करीब 64 लाख 94 हजार 768 महिलाओं को मिला। यानी पिछले महीना 5 लाख महिलाओं को महतारी वंदन का किश्त नहीं दिया गया ? वादा तो योजना में सभी महतारियों को 1 हजार महीना देने का था। मुख्यमंत्री की पत्नी से लेकर प्रदेश की अंतिम महतारी तक को? फिर अब नियम शर्त क्यों? वैसे भी इस योजना की शुरुआत से ही 40 प्रतिशत महतारी बाहर है ? जिसे योजना से जोड़ने निकाय चुनाव में भाजपा ने वादा किया था, जिसका इंतजार महिलाएं कर रही है।
सिर्फ बड़े-बड़े वादे करती है भाजपा: ठाकुर
धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा बड़े-बड़े वादे करती है और महिलाओं से लेकर हर वर्ग को आकर्षित करती है और सत्ता मिलने के बाद उनके साथ धोखा करती है। महतारी वंदन योजना में प्रदेश की सभी महिलाओं को लाभ नहीं मिलना भाजपा की धोखा है और अब षडयंत्र पूर्वक योजना से जुड़ी महिलाओं को बाहर किया जा रहा है, क्योंकि सरकार इस योजना में पैसा देने में असमर्थ साबित हो रही है और डबल इंजन की सरकार में जो आर्थिक मदद का वादा था वह भी जुमला साबित हुआ है। महतारी वंदन योजना से 1 हजार महीना देकर बिजली बिल से 3 हजार महिलाओं के घर से वसूला जा रहा है। इससे महिलाएं परेशान है। सरकार का यह दोहरा चरित्र है और आम जनता को सिर्फ लूटना उनकी नियत है। (Mahatari Vandan Yojana Politics)
अब तक 21 किस्त जारी
कांग्रेस के आरोपों पर डिप्टी CM अरुण साव ने पलटवार किया है। साथ ही कहा कि जो ठगने और धोखा देने वाले लोग हैं, उन्हें इसी तरह की बात नजर आती है। कांग्रेस महतारियों से किया वादा निभा नहीं पाई। अब उन्हें भाजपा के महतारी वंदन योजना से तकलीफ हो रही है। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजान 1 मार्च 2024 से शुरू की गई थी। 20वीं किस्त में करीब 606.94 करोड़ का ट्रांसफर किया गया, जिससे राशि कुल मिलाकर 12,983.13 करोड़ हो गई। वहीं महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त के तहत 647.28 करोड़ 36 हजार 500 की राशि जारी की गई। इस तरह अब तक कुल 13, 671 करोड़ 68 लाख की राशि जारी हो चुकी है। अधिकारियों ने सभी लाभार्थी महिलाओं से अनुरोध किया है कि आधार और बैंक विवरण तुरंत अपडेट करें, ताकि किसी प्रकार की राशि रोके जाने की समस्या न हो।



