छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना का फिर खुलेगा पोर्टल, लाखों महिलाओं को मिलेगा आवेदन का दूसरा मौका
Mahtari Vandan Yojana 2026: छत्तीसगढ़ की लाखों विवाहित महिलाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, महतारी वंदन योजना से वंचित पात्र महिलाओं को जल्द ही दोबारा आवेदन करने का मौका मिलने वाला है। महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री की अनुमति मिलने के बाद योजना का पोर्टल करीब एक हफ्ते से लेकर अगले एक-दो हफ्ते के भीतर दोबारा खोला जाएगा। सबसे पहले बस्तर संभाग के जिलों में आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, इसके बाद प्रदेश के बाकी संभागों में भी पोर्टल चरणबद्ध तरीके से खोला जाएगा। मंत्री राजवाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री से पोर्टल दोबारा खोलने की अनुमति मिल चुकी है। विभाग तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर रहा है। जैसे ही प्रक्रिया पूरी होगी, पात्र महिलाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में रिश्तों का खून, कहीं ऑनर किलिंग, कहीं प्रेमिका की हत्या, तो कहीं पत्नी और पिता बने अपनों के शिकार
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसी कारण पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लिया गया है। सरकार ने इस बार आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत बस्तर संभाग से करने का फैसला लिया है। पहले बस्तर के सभी जिलों में पोर्टल खोला जाएगा, जहां पात्र महिलाएं अपना पंजीयन करा सकेंगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य संभागों में भी आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सरकार का मानना है कि चरणबद्ध व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया ज्यादा व्यवस्थित रहेगी और तकनीकी समस्याओं से भी बचा जा सकेगा। (Mahtari Vandan Yojana 2026)



